उप्र: सैन्यकर्मी की गोली मारकर हत्या, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

उप्र: सैन्यकर्मी की गोली मारकर हत्या, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

उप्र: सैन्यकर्मी की गोली मारकर हत्या, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
Modified Date: February 11, 2026 / 12:21 am IST
Published Date: February 11, 2026 12:21 am IST

हाथरस, 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर चन्द्रा फार्म हाउस के निकट दिनदहाड़े घेरकर एक सैन्यकर्मी की गोली मारकर हत्या के मामले में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पांच फरवरी को आगरा में सेना की इकाई में चालक के पद पर तैनात अखिलेश चौधरी (28) की राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 93 पर एक कोल्ड स्टोरेज के पास कुछ हथियारबंद लोगों ने आपसी रंजिश में हत्या कर दी थी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की बहन डॉली कुमारी ने सादाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई अखिलेश भारतीय सेना में कार्यरत था और वह हाथरस अदालत से अपने मित्र की कार से आगरा की ओर जा रहा था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, रास्ते में एक कोल्ड स्टोरेज और चन्द्रा फार्म हाउस के पास ईको कार व मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने अखिलेश पर गोलियां बरसाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया गया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने इस मामले में आठ आरोपियों पर 25-25 हजार रुपय का इनाम घोषित किया है।

सिन्हा ने बताया कि इस मामले में थाना प्रभारी योगेश कुमार, दरोगा विजय कुमार और बीट कांस्टेबल हर्षपाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस हत्या के मामले में पहली नजर में पुलिस की लापरवाही पायी गयी है।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में