उप्र : बिजनौर में शादी से लाई गई मिठाई खाने के बाद बालक की मौत, छह अन्य बीमार
उप्र : बिजनौर में शादी से लाई गई मिठाई खाने के बाद बालक की मौत, छह अन्य बीमार
बिजनौर, 11 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के जीतपुर खास गांव में शादी समारोह से लाई गई मिठाई खाने के बाद दो वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित छह अन्य लोग बीमार पड़ गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नांगल सोती थाने के प्रभारी राम प्रताप ने बताया कि गांव निवासी सुधा देवी (63) लगभग पांच दिन पहले एक शादी समारोह से मिठाई लेकर आई थीं। परिवार के सदस्यों ने मंगलवार रात वह मिठाई खाई थी।
पुलिस के अनुसार मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद संदीप, उनकी पत्नी नीतू, देव कुमार (2), कार्तिक (6), रितिक (4), पल्लवी और वंश (10) को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
बीमार लोगों का गांव में ही एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उपचार के दौरान बुधवार को देव कुमार की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य छह लोगों की हालत में सुधार है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अंकित चौधरी ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार गांव में ही किया गया।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत

Facebook


