सहारनपुर, चार जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देवबंद स्थित विख्यात इस्लामी शिक्षण संस्थान दारूल उलूम देवबंद ने विद्यार्थियों को स्मार्टफोन न रखने की कड़ी हिदायत देते हुए पकड़े जाने पर निष्कासन की चेतावनी दी।
दारूल उलूम के छात्रावास प्रभारी मुफ्ती अशरफ अब्बास ने बताया कि बकरीद की छुट्टियों के बाद दारूल उलूम में शिक्षण कार्य शुरू हो गया है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों से छुट्टियों पर जाने से पूर्व कहा गया था कि वे संस्थान की हिदायत को ध्यान मे रखते हुए लौटते वक्त अपने साथ स्मार्टफोन न लायें।
अब्बास ने बताया कि विद्यार्थियों से कहा गया था कि अगर उन्हें अपने परिवार से सम्पर्क करना है तो उसके लिये कीपैड वाला मोबाइल फोन इस्तेमाल करें और उसको अपने पास ही रखे।
उन्होंने बताया कि अब अगर किसी छात्र के पास स्मार्टफोन पाया गया तो उसका प्रवेश निरस्त करते हुए उसे संस्थान से निष्कासित कर दिया जाएगा।
अब्बास ने विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों का पालन करने और शैक्षणिक जिम्मेदारियों के अच्छे तरीके से निर्वहन का आह्वान किया।
छात्रावास प्रभारी ने बताया कि विद्यार्थियों के लिये इस तरह की हिदायत पिछले कई वर्षों से जारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मल्टीमीडिया मोबाइल फोन से जहां समय की बर्बादी होती है, वहीं पढ़ाई से छात्र का ध्यान भी भटकता है।
भाषा सं सलीम मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र