उप्र: पुलिस ने नौ माह की अपहृत बच्ची को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
उप्र: पुलिस ने नौ माह की अपहृत बच्ची को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
मेरठ, आठ अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ में बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के सामने से अपह्रत नौ माह की बच्ची को पुलिस ने शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कैंट के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, जीरो माइल और हुमायूंपुर समेत संभावित रास्तों पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम बच्ची तक पहुंचने में सफल रही और उसे सकुशल बरामद कर लिया।
गुप्ता ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी युसूफ और हुस्ने आलम तथा लोहिया नगर थाना क्षेत्र निवासी अकबर के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि युसूफ और हुस्ने आलम ने बच्ची का कथित तौर पर अपहरण किया था और उसे अकबर को सौंपने के लिए बुलाया था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पांच अगस्त की रात करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के सामने एक महिला सो रही थी और उसकी नौ माह की बच्ची को मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक उठाकर ले गए।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर बच्ची की बरामदगी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


