उत्तर प्रदेश: प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती ने चाकू से पेट काटा, बच्ची को दिया जन्म

उत्तर प्रदेश: प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती ने चाकू से पेट काटा, बच्ची को दिया जन्म

उत्तर प्रदेश: प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती ने चाकू से पेट काटा, बच्ची को दिया जन्म
Modified Date: February 19, 2026 / 10:43 pm IST
Published Date: February 19, 2026 10:43 pm IST

बहराइच, 19 फरवरी (भाषा) बहराइच जिले में बृहस्पतिवार को 35 वर्षीय एक गर्भवती महिला ने प्रसव पीड़ा सहन न कर पाने पर कथित तौर पर रसोई के चाकू से अपना पेट काट लिया और बाद में उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार बौंडी थाना क्षेत्र के नंदवल गांव निवासी ननकई को पड़ोसियों ने फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसने सामान्य प्रसव से बच्ची को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

उसे बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके पेट में चाकू से किया गया गहरा घाव पाया।

अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने संवाददाताओं से कहा कि महिला को बृहस्पतिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे लाया गया था और उसका काफी खून बह चुका था।

स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि एंबुलेंस से ले जाते समय उसकी मां नीता भी साथ गईं।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें स्ट्रेचर पर लेटी महिला कथित तौर पर कह रही है कि तेज प्रसव पीड़ा के कारण उसने खुद ही पेट काट लिया।

पड़ोसियों ने बताया कि महिला के पति की करीब छह महीने पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी और वह घर में अकेली रहती थी। बृहस्पतिवार अपराह्न प्रसव पीड़ा शुरू होने पर दर्द असहनीय हो गया, जिसके बाद उसने कथित तौर पर यह कदम उठाया।

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में