उप्र : अमेठी जिला मुख्यालय गौरीगंज में होगी ट्रॉमा सेंटर की स्थापना
उप्र : अमेठी जिला मुख्यालय गौरीगंज में होगी ट्रॉमा सेंटर की स्थापना
अमेठी, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश शर्मा ने मंगलवार को कहा कि अमेठी जिला मुख्यालय गौरीगंज में चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की जायेगी ताकि मरीजों को इलाज के लिए लखनऊ के चक्कर ना काटने पड़ें।
शर्मा ने अमेठी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट- (2026-27) गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की भावना से ओत-प्रोत है।
भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष जहां भ्रम फैलाने और नकारात्मक राजनीति में व्यस्त है, वहीं मोदी सरकार ठोस निर्णयों और परिणाम देने की राजनीति कर रही है।
शर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा मध्यम वर्ग को आर्थिक राहत देने के लिए निर्णायक प्रावधान किए गए हैं। यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को धरातल पर साकार करता है।
मंत्री ने विशेष रूप से अमेठी जनपद के संदर्भ में कहा कि अमेठी में ट्रॉमा सेंटर जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती, छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्था तथा कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों की जीवनरक्षक दवाओं को सस्ता करने जैसे प्रावधान आम जनमानस को बड़ी राहत देने वाले हैं।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद अमेठी में एक मेडिकल कॉलेज तक नहीं खोल पाई अमेठी में मेडिकल कॉलेज, कृषि विज्ञान केंद्र, खाद का रैक सेंटर जैसे तमाम विकास कार्य भाजपा की सरकार ने किये हैं।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


