उप्र : कुंड में नहाते समय दो नाबालिग लड़के डूबे, एक का शव बरामद

उप्र : कुंड में नहाते समय दो नाबालिग लड़के डूबे, एक का शव बरामद

उप्र : कुंड में नहाते समय दो नाबालिग लड़के डूबे, एक का शव बरामद
Modified Date: February 26, 2026 / 01:30 pm IST
Published Date: February 26, 2026 1:30 pm IST

मथुरा (उप्र), 26 फरवरी (भाषा) मथुरा जिले में बरसाना की लट्ठमार होली देखकर कोसीकलां लौट रहे दो नाबालिग दोस्त नन्दगांव क्षेत्र में स्थित आशेश्वर महादेव मंदिर के निकट बने कुण्ड में नहाते समय डूब गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि बुधवार को लट्ठमार होली देखने के लिए बरसाना गए कोसीकलां कस्बे के मीना नगर निवासी तीन दोस्त सक्षम (15), रवि (17) और कार्तिक शाम को वहां से लौटते समय आशेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए रुके थे।

रावत ने बताया कि इसी बीच रवि और सक्षम नहाने के लिये कुण्ड में उतर गए। उन्होंने बताया कि गहरे पानी में चले जाने से वे दोनों डूबने लगे। कार्तिक ने घर जाकर उनके परिजन को घटना के बारे में बताया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक दोनों लड़के डूब चुके थे। उन्होंने बताया कि काफी देर तक तलाश करने के बाद सक्षम का शव बुधवार देर रात बाहर निकाल लिया गया लेकिन रवि का अभी तक पता नहीं चल सका है।

रावत ने बताया कि रवि की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की है।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में