बलिया में दो पक्षों में हिंसक झड़प, छह लोग घायल
बलिया में दो पक्षों में हिंसक झड़प, छह लोग घायल
बलिया (उप्र), 10 फरवरी (भाषा) बलिया जिले के एक गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में छह लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, घटना सोमवार शाम नरही थाना क्षेत्र के नरही गांव की है जहां पट्टीदारों के दो पक्षों के बीच मारपीट हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि इसमें राकेश यादव के सिर में गंभीर चोट आई जिन्हें इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, नरही थाने में ब्रजेश यादव की तहरीर पर प्रकाश यादव, विकास यादव, कृष्णा यादव, मुकेश यादव, विक्रमा यादव, दीपक और गीता देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर आए और राकेश यादव, उसके पिता मुनेंद्र यादव, मां मंजू देवी तथा शिकायतकर्ता ब्रजेश यादव पर हमला कर दिया, जिसमें चारों लोग घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटना में दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हुए हैं, हालांकि दूसरे पक्ष ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
भाषा सं आनन्द
खारी
खारी

Facebook


