लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जोर देंगे: अभिजीत दीपके

लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जोर देंगे: अभिजीत दीपके

लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जोर देंगे: अभिजीत दीपके
Modified Date: June 12, 2026 / 10:21 am IST
Published Date: June 12, 2026 10:21 am IST

लखनऊ, 12 जून (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को कहा कि वह परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जोर देंगे।

युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन की शुरुआत दिल्ली में प्रदर्शन से हुई थी और अब राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किए जाने का कार्यक्रम है। इस राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत यह विरोध प्रदर्शन राज्य की राजधानी के इको गार्डन में होना है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि इस प्रदर्शन के लिए पुलिस की अनुमति मिली है या नहीं।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ‘पीटीआई-भाषा’ की ओर से किए गए फोन कॉल और भेजे गए संदेशों का कोई जवाब नहीं मिला।

दीपके ने बृहस्पतिवार देर रात लखनऊ हवाई अड्डे के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं प्रदर्शन के लिए आया हूं। हमने दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए, जहां हमने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की अपनी मांग रखी। कल (शुक्रवार को) भी हम शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से यही करेंगे।’’

स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने कहा कि यदि ऐसा है तो वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति के लिए अधिकारियों से संपर्क करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं। हम कुछ भी गलत नहीं कर रहे। हम लोकतंत्र में केवल अपनी बात रखना चाहते हैं।’’

सीजेपी ने बृहस्पतिवार को पुणे में प्रदर्शन किया था। लखनऊ के बाद पार्टी की योजना अमृतसर और बेंगलुरु में प्रदर्शन करने की है। इसके बाद 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किए जाने का कार्यक्रम है।

भाषा जफर सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में