इजराइल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम प्रभावी हुआ

इजराइल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम प्रभावी हुआ

इजराइल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम प्रभावी हुआ
Modified Date: April 17, 2026 / 08:35 am IST
Published Date: April 17, 2026 8:35 am IST

बेरूत, 17 अप्रैल (एपी) लेबनान और इजराइल के बीच 10 दिन का युद्धविराम स्थानीय समयानुसार बृहस्पतिवार मध्य रात्रि से प्रभावी हो गया।

लेबनान में स्थित ईरान समर्थित हिजबुल्ला चरमपंथी समूह और इजराइल के बीच एक महीने से अधिक समय से जारी युद्ध के बाद, दोनों पड़ोसी देशों ने मंगलवार को दशकों बाद अपनी पहली सीधी कूटनीतिक वार्ता की। यह वार्ता वाशिंगटन में हुई।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने लेबनान में 10 दिन के युद्धविराम पर सहमति जताई है।

नेतन्याहू ने एक वीडियो जारी कर कहा कि यह कदम लेबनान के साथ शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

यदि यह युद्धविराम कायम रहता है तो इससे ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच कई हफ्तों से जारी विनाशकारी युद्ध के बाद, युद्धविराम को आगे बढ़ाने के प्रयासों को बल मिल सकता है। इस युद्ध में हजारों लोग मारे गए हैं और इसके कारण तेल की आपूर्ति बाधित हुई है जिसने वैश्विक बाजारों को अस्त-व्यस्त कर दिया गया।

ईरान के साथ युद्ध शुरू होते ही हिजबुल्ला ने इजराइल पर गोलीबारी शुरू कर दी थी। इजराइल की आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, बृहस्पतिवार रात तक उसने उत्तरी इजराइल के समुदायों को निशाना बनाकर हमले जारी रखे जिनमें कम से कम आठ लोग घायल हुए। इनमें से दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

युद्धविराम लागू होने से कुछ ही देर पहले उत्तरी इजराइल के कुछ इलाकों में हवाई हमले के सायरन सुने गए। इजराइल की सेना ने बृहस्पतिवार देर रात कहा कि वह हिजबुल्ला के कई रॉकेट लॉन्चर पर हमला कर रही है।

एपी सुरभि सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में