वेनेजुएला की विपक्षी नेता मचाडो के करीबी सहयोगी का जेल से रिहा होने के बाद अपहरण

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मचाडो के करीबी सहयोगी का जेल से रिहा होने के बाद अपहरण

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मचाडो के करीबी सहयोगी का जेल से रिहा होने के बाद अपहरण
Modified Date: February 9, 2026 / 11:04 am IST
Published Date: February 9, 2026 11:04 am IST

काराकस, नौ फरवरी (एपी) वेनेजुएला में विपक्ष की नेता मारिया कोरिना मचाडो ने सोमवार को कहा कि उनके सबसे करीबी सहयोगियों में से एक जुआन पाब्लो गुआनिपा का जेल से रिहा होने के कुछ ही घंटों बाद अपहरण कर लिया गया है।

सरकार ने राजनीतिक रूप से प्रेरित लंबी हिरासत के बाद रविवार को कई विपक्षी सदस्य रिहा किए थे, जिनमें गुआनिपा भी शामिल थे।

मचाडो ने सोशल मीडिया पर बताया कि गुआनिपा का मध्यरात्रि के आसपास राजधानी काराकस के एक आवासीय इलाके से अपहरण कर लिया गया।

मचाडो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चार वाहनों में सादे कपड़ों में आए भारी हथियारबंद पुरुषों ने उन्हें हिंसक तरीके से अगवा कर लिया। हम उनकी तुरंत रिहाई की मांग करते हैं।’’

विपक्षी नेताओं की रिहाई ऐसे समय में हुई है जब कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सरकार पर उन सैकड़ों लोगों को रिहा करने का दबाव बढ़ रहा है जिनकी गिरफ्तारी महीनों या वर्षों पहले उनकी राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी हुई थी। यह रिहाई संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त के प्रतिनिधियों की वेनेजुएला यात्रा के बाद हुई है।

सरकार के प्रेस कार्यालय ने सोमवार तड़के इस मामले पर टिप्पणी के लिए किए गए अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।

पूर्व गवर्नर गुआनिपा ने अपनी रिहाई के बाद पत्रकारों से कहा था, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा देश पूरी तरह बदल चुका है। अब हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक देश के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करें।’’

गुआनिपा आठ महीने से अधिक समय तक जेल में रहे।

एपी गोला सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में