इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच अहम वार्ता से पहले मंत्री ने सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की
इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच अहम वार्ता से पहले मंत्री ने सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की
इस्लामाबाद, 10 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने पश्चिम एशिया में संघर्ष को समाप्त करने के मकसद से आयोजित होने वाली शांति वार्ता के लिए ईरानी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों के आगमन से पहले शुक्रवार को इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
अमेरिका और ईरान दो सप्ताह के सशर्त युद्धविराम पर बुधवार को सहमत हुए, जिसके बाद मतभेदों को सुलझाने और मौजूदा युद्धविराम को स्थायी शांति में बदलने के लिए इस्लामाबाद में बैठक होगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सप्ताहांत में होने वाली वार्ता में भाग लेने के मकसद से अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल के आज रात तक यहां पहुंचने की उम्मीद है।
प्रतिधिनिमंडल के आगमन और प्रस्तावित बैठक को लेकर इस्लामाबाद में 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
हालांकि, प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर पाकिस्तानी प्राधिकारियों द्वारा अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
नकवी ने कहा, ‘‘युद्धविराम के बाद इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी करना पाकिस्तान के लिए सम्मान की बात है।’’ उन्होंने निर्देश दिया कि आने वाले प्रतिनिधिमंडलों के आतिथ्य तथा सुरक्षा के लिए हर संभव उपाय किए जाएं।
उन्हें सूचित किया गया कि ‘रेड जोन’ को सील कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखने के मकसद से गृह मंत्रालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
सुरक्षा उपायों के तहत, इस्लामाबाद के महानिरीक्षक के निर्देश पर यहां के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने शहर के प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष चौकियां भी स्थापित की हैं, जबकि सभी गश्ती इकाइयां और विशेष दस्ते पूरे शहर में गश्त कर रहे हैं।
भाषा यासिर संतोष
संतोष

Facebook


