एअर इंडिया विमान हादसाः एक साल बाद भी ब्रिटेन के परिवार को स्पष्टता और जवाब का इंतजार
एअर इंडिया विमान हादसाः एक साल बाद भी ब्रिटेन के परिवार को स्पष्टता और जवाब का इंतजार
(अदिति खन्ना)
लंदन, 12 जून (भाषा) पिछले साल हुए एअर इंडिया विमान हादसे से प्रभावित ब्रिटेन के परिवार इस घटना से उबरने के लिए स्पष्टता, जवाब और पारदर्शिता चाहते हैं। एक सामुदायिक नेता और संकट प्रबंधन सलाहकार ने यह बात कही।
संजीव पटेल लेस्टर में रहते हैं। यह शहर गुजराती समुदाय का बड़ा केंद्र है और यहां कई ऐसे परिवार रहते हैं जिन्होंने 12 जून 2025 को अहमदाबाद से एआई 171 के उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हुई विमान दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया।
इस घटना में 260 लोगों की जान चली गई, जिनमें बोइंग 787 ड्रीमलाइनर पर सवार 241 यात्री और चालक दल के सदस्य तथा जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे।
हादसे की पहली बरसी पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए, पटेल ने उस सदमे और घटना को याद किया जिसने मीलों दूर बसे समुदाय को प्रभावित किया।
पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहने वाले पटेल ने कहा, ‘‘लेस्टर एक बहुत ही एकजुट और करीबी समुदाय है। जब हमें यह खबर मिली, तो हम सभी गहरे दुख में डूब गए।’’
उन्होंने कहा कि साल भर से, प्रभावित परिवार हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी तथा जवाब मिलने की उम्मीद करते रहे हैं। वे स्पष्ट जानकारी, जवाब और पारदर्शिता चाहते हैं तथा वे इससे आगे बढ़ना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत से लोग अभी भी न सिर्फ मानसिक सदमे से, बल्कि इसकी वजह से हुए वित्तीय संकट से निपटने में और रोजमर्रा की ज़िंदगी को सहज बनाने के लिए जूझ रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि हम इसके लिए कोई समय-सीमा तय कर सकते हैं। इतने सारे परिवार और पूरा समुदाय इससे प्रभावित हुआ है।’’
शहर के बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में एक स्वयंसेवी के तौर पर, पटेल ने याद किया कि आपदा के बाद यह मंदिर अलग-अलग धर्मों के लोगों की प्रार्थना सभाओं का मुख्य केंद्र बन गया।
उन्होंने याद करते हुए कहा, ‘‘यह एक दुखद स्थिति थी और हम सब मिलकर बस उन परिवारों के लिए प्रार्थना करना चाहते हैं, उन्हें यह बताना चाहते हैं कि उन्हें हमारा समर्थन हासिल है। हमने उन लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जिन्होंने अपनी जान गंवा दी, और उन परिवारों के लिए भी प्रार्थना की कि उन्हें आगे के मुश्किल सफर में हिम्मत मिले।’’
भावनात्मक सहारे की जरूरत वाले लोगों में, दुर्घटना में एकमात्र बचे व्यक्ति विश्वासकुमार रमेश भी शामिल हैं, जिनकी पिछले एक साल से परिवार के करीबी दोस्त के तौर पर पटेल मदद कर रहे हैं।
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि वह एआई171 हादसे से प्रभावित हर व्यक्ति की सहानुभूति के साथ मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है और उसने रमेश तथा उनके प्रतिनिधियों के साथ ‘‘रचनात्मक और सार्थक बातचीत’’ की है।
पटेल से पूछा गया कि क्या इस हफ्ते घटना के एक साल पूरे होने पर पीड़ित परिवार किसी तरह इस मामले से उबरने की दिशा में आगे बढ़ पाएंगे, तो उन्होंने कहा कि ‘‘ज़ख्म अभी भी उतना ही ताज़ा है’’ जो घटना वाले दिन था।
उन्होंने कहा, ‘‘वे न्याय और जवाब चाहते हैं। वे चाहते हैं कि जो भी लोग उनके जैसे लोगों की मदद कर सकते हैं – चाहे वह ब्रिटेन सरकार हो या अधिकारी – वे शायद कुछ अधिक मदद करें या बस उनसे संपर्क करें।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


