ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने कुख्यात अपराधी को पाकिस्तान निर्वासित करने पर दिया जोर

ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने कुख्यात अपराधी को पाकिस्तान निर्वासित करने पर दिया जोर

ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने कुख्यात अपराधी को पाकिस्तान निर्वासित करने पर दिया जोर
Modified Date: July 2, 2026 / 08:20 pm IST
Published Date: July 2, 2026 8:20 pm IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, दो जुलाई (भाषा) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर के संभावित उत्तराधिकारी माने जा रहे एंडी बर्नहैम ने बृहस्पतिवार को जेल से रिहा हुए एक गिरोह के सरगना को पाकिस्तान निर्वासित किए जाने की मांग की है। यह गिरोह बच्चों या नाबालिगों का विश्वास जीतकर उनका यौन शोषण करता था।

मेकरफील्ड से सांसद बर्नहैम के स्टॉर्मर के हालिया इस्तीफे के बाद इस महीने के अंत में निर्विरोध चुने जाने की संभावना है। बर्नहैम ने कहा कि वह कम उम्र की लड़कियों से बलात्कार और यौन अपराधों के कई मामलों में 2012 में दोषी ठहराए गए शबीर अहमद को देश से बाहर भेजने के लिए “सभी विकल्पों की समीक्षा” करेंगे।

ग्रेटर मैनचेस्टर के रोचडेल के इस मामले ने लोगों को झकझोर दिया था। बर्नहैम उस क्षेत्र के महापौर रह चुके हैं। यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है क्योंकि यह सामने आया है कि शबीर अहमद को 1970 के दशक के एक कानून के तहत संरक्षण प्राप्त है, जो उसके निर्वासन में बाधा बन रहा है।

बर्नहैम ने कहा, “हर किसी की तरह मैं भी चाहता हूं कि इस घृणित अपराधी को देश से बाहर किया जाए। मैं गृह मंत्री और विदेश मंत्री से सभी संभावित विकल्पों की समीक्षा करने का आग्रह करूंगा।”

दोहरी नागरिकता रखने वाले अहमद (73) की ब्रिटिश नागरिकता उस समय रद्द कर दी गई थी, जब एक अदालत ने उसे 22 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। यह मामला इसलिए और जटिल हो गया है क्योंकि अपराधी को स्वीकार करने में पाकिस्तान हिचकिचाहट दिखा रहा है।

जेल से रिहा होने के बाद अहमद को निगरानी वाले स्थान पर रखा गया है और उसकी गतिविधियों पर जीपीएस टैग के जरिए इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नजर रखी जा रही है।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में