उत्तरी सीरियाई कस्बे में जेल में दंगा, आगजनी में कम से कम सात लोग मारे गए
उत्तरी सीरियाई कस्बे में जेल में दंगा, आगजनी में कम से कम सात लोग मारे गए
दमिश्क, 12 सितंबर (एपी) सीरिया के कुर्द बहुल शहर में शनिवार को एक जेल में आग लगने के साथ ही वहां दंगा भड़क गया, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सना के अनुसार, कोबानी जेल में कैदियों ने दंगा किया, जिसके बाद आग लग गई। यह घटना शहर में एक दिन पहले कुर्दों और अरबों के बीच बढ़े तनाव के बाद हुई। तुर्किये की सीमा से लगे इस शहर में हाल में सीरियाई सरकारी बलों के प्रवेश के बावजूद जेल अब भी कुर्द लड़ाकों के नियंत्रण में है।
ब्रिटेन स्थित युद्ध निगरानी समूह ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने कहा कि दंगा कुछ कैदियों को उत्तरी शहर अलेप्पो की जेल में स्थानांतरित करने की योजना के विरोध में शुरू हुआ।
कोबानी पर करीब एक दशक पहले इस्लामिक स्टेट ने घेराबंदी की थी। बाद में यह अमेरिका समर्थित कुर्द अभियान का केंद्र बना, जिसने 2019 में चरमपंथी संगठन के कब्जे वाले अंतिम क्षेत्र को भी उससे छीन लिया।
शुक्रवार को कुर्द समुदाय ने एक कुर्द व्यक्ति की हत्या के लिए अरबों को जिम्मेदार ठहराया, जिसके बाद कोबानी में दंगे हुए थे।
सीरिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से को नयी दमिश्क सरकार के नियंत्रण में लाने की हालिया कोशिशों के बावजूद कुर्द अल्पसंख्यक और केंद्र सरकार के बीच तनाव बना हुआ है।
अगस्त के अंत में अमेरिका समर्थित कुर्द नेतृत्व वाले सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज के कमांडर ने संगठन के औपचारिक विघटन की घोषणा की थी।
एपी
राखी रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


