चीनी राजदूत ने शहबाज शरीफ से मुलाकात की, पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई

चीनी राजदूत ने शहबाज शरीफ से मुलाकात की, पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई

चीनी राजदूत ने शहबाज शरीफ से मुलाकात की, पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई
Modified Date: April 23, 2026 / 05:56 pm IST
Published Date: April 23, 2026 5:56 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 23 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान में नियुक्त चीन के राजदूत जियांग जैदोंग ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की तथा पश्चिम एशिया की स्थिति और अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए इस्लामाबाद के शांति प्रयासों पर चर्चा की।

राजदूत जियांग ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से शिष्टाचार भेंट की। बैठक में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के अलावा योजना, विकास एवं विशेष पहल मंत्री अहसान इकबाल और सूचना मंत्री अताउल्ला तरार भी उपस्थित थे।

यह बैठक, पाकिस्तान द्वारा तेहरान और वाशिंगटन को दूसरे दौर की वार्ता के लिए बातचीत की मेज पर लाने के उद्देश्य से किये जा रहे राजनयिक प्रयासों के बीच हुई।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बैठक में पश्चिम एशिया की क्षेत्रीय स्थिति और पाकिस्तान के शांति प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

बयान के अनुसार, ‘‘चीनी राजदूत ने उनका स्वागत करने के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया और क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए पाकिस्तान के राजनयिक प्रयासों की सराहना की।’’

राजदूत ने पाकिस्तान के साथ चीन के संबंधों को और प्रगाढ़ करने और राष्ट्रपति शी चिनफिंग की परिकल्पना के अनुसार उन्हें (संबंधों को) नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की चीन की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान-चीन द्विपक्षीय संबंधों की सकारात्मक प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए दोहराया कि पाकिस्तान को चीन के साथ अपनी सर्वकालिक सहयोगात्मक रणनीतिक साझेदारी पर गर्व है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह चीनी नेतृत्व के साथ घनिष्ठ रूप से काम करना जारी रखेंगे ताकि संबंध और प्रगाढ़ हों।

शरीफ ने चीन के राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री ली कियांग को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में