अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत शुरू हुई : पाकिस्तान टीवी

अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत शुरू हुई : पाकिस्तान टीवी

अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत शुरू हुई : पाकिस्तान टीवी
Modified Date: April 11, 2026 / 09:46 pm IST
Published Date: April 11, 2026 9:46 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

(सज्जाद हुसैन/एम जुल्करनैन)

इस्लामाबाद/लाहौर, 11 अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया संघर्ष का स्थायी समाधान तलाशने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच सीधी बातचीत शनिवार को आधिकारिक रूप से इस्लामाबाद में शुरू हुई। पाकिस्तान की सरकारी मीडिया और अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रशासन में वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘शरीफ द्वारा अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों के साथ अलग-अलग बैठकें करने के बाद, ईरान और अमेरिका के बीच सीधी बातचीत का औपचारिक दौर शनिवार शाम को शुरू हुआ।’’

पाकिस्तान टीवी ने खबर दी, ‘‘ईरान और अमेरिका एक मेज पर बैठे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच ऐतिहासिक शांति वार्ता इस्लामाबाद में शुरू हो गई है, जहां दोनों पक्ष तनाव बढ़ने के बाद पहली बार आमने-सामने बैठे हैं।’’

पाकिस्तान टीवी ने बताया कि उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के आगमन, पाकिस्तान की प्रभावी कूटनीति और वैश्विक नेताओं के सकारात्मक बयानों ने क्षेत्र में युद्धविराम और स्थायी शांति की उम्मीदों को मजबूत किया है, जबकि दुनिया इन महत्वपूर्ण वार्ताओं के परिणाम पर बारीकी से नजर रख रही है।

अधिकारी ने कहा कि दोनों युद्धरत पक्षों के बीच प्रत्यक्ष वार्ता के पहले दौर के समापन के बाद विदेश कार्यालय द्वारा एक बयान जारी किए जाने की संभावना है।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं। उनके साथ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और पश्चिम एशिया के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ भी हैं।

ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गलीबाफ कर रहे हैं और इसमें विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ-साथ अन्य नेता भी शामिल हैं।

वार्ता शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री शहबाज ने कहा था कि पाकिस्तान पश्चिम एशिया में ‘‘स्थायी शांति’’ हासिल करना चाहता है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान वार्ता में ईरान की भागीदारी की सराहना करता है। बयान के मुताबिक पाकिस्तान क्षेत्रीय व वैश्विक शांति और स्थिरता के हित में सार्थक परिणाम प्राप्त करने की दिशा मं आगे बढ़ने के लिए मध्यस्थ के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहने के अपने दृढ़ संकल्प को दोहराता है।

इस बातचीत के दौरान पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन रजा नकवी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने शरीफ द्वारा गलीबाफ और अराघची को गले लगाने तथा गर्मजोशी से अभिवादन करने के दृश्य साझा किए।

यह बातचीत अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से जारी युद्ध को आठ अप्रैल को दो सप्ताह तक रोकने पर बनी सहमति के बाद हो रही है।

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में