हंटावायरस से प्रभावित ‘एमवी होंडियस क्रूज’ पोत से स्पेनी यात्रियों को लेकर विमान मैड्रिड रवाना
हंटावायरस से प्रभावित ‘एमवी होंडियस क्रूज’ पोत से स्पेनी यात्रियों को लेकर विमान मैड्रिड रवाना
टेनेरीफ (स्पेन), 10 मई (एपी) हंटावायरस से प्रभावित क्रूज पोत से स्पेनी यात्रियों को लेकर पहला विमान रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीपसमूह स्थित टेनेरीफ से मैड्रिड के लिए रवाना हो गया, जहां उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
स्पेन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि ‘एमवी होंडियस’ नामक पोत से सबसे पहले स्पेन के नागरिक उतरे जिन्हें मैड्रिड में पृथकवास में रखा जाएगा।
पोत रविवार को टेनेरीफ पहुंचा और उसने वहीं तट पर लंगर डाल रखा है।
क्रूज कंपनी ‘ओशनवाइड एक्सपेडिशन्स’ ने पोत पर 13 स्पेनी यात्रियों और चालक दल का एक स्पेनी सदस्य होने की जानकारी दी।
स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और क्रूज कंपनी ने कहा है कि ‘एमवी होंडियस’ पर सवार 140 से अधिक लोगों में से किसी भी व्यक्ति में फिलहाल वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे।
अन्य देशों के यात्रियों और चालक दल के कुछ सदस्यों को पोत से रविवार और सोमवार को निकाला जाएगा। जहाज पर 20 से अधिक देशों के लोग सवार हैं।
यह पोत 6 मई को केप वर्डे से रवाना होने के बाद रविवार को टेनेरीफ पहुंचा।
इस वायरस के प्रकोप के बाद से तीन लोगों की मौत हो चुकी है और पोत से उतर चुके पांच यात्री हंटावायरस से संक्रमित हैं। यह वायरस जानलेवा बीमारी का कारण बन सकता है।
पोत में सवार लोगों को छोटी नौकाओं के जरिये उतारा जाएगा। पोत से उतरने वाले सभी लोगों की जांच की जाएगी और उन्हें तभी उतारा जाएगा, जब निकासी उड़ानें उन्हें उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए तैयार होंगी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस पोत से लोगों को निकालने की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
अधिकारियों ने कहा है कि जिन यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को पोत से उतारा जाएगा, उनका स्थानीय आबादी से कोई संपर्क नहीं होगा।
हंटावायरस आमतौर पर तब फैलता है, जब लोग चूहों या गिलहरी जैसे कुतरने वाले जीवों के मल के दूषित अवशेषों के संपर्क में आई हवा में सांस लेते हैं। यह आम तौर पर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से नहीं फैलता, लेकिन क्रूज पोत पर फैले संक्रमण में मिला एंडीज वायरस दुर्लभ मामलों में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। संक्रमण के संपर्क में आने के बाद आमतौर पर एक से आठ सप्ताह के बीच लक्षण दिखाई देते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महामारी एवं वैश्विक महामारी प्रबंधन विभाग की निदेशक मारिया वान केरखोव ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अधिकारी रविवार और सोमवार को निकासी उड़ान प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रख रहे हैं।
स्पेन के अधिकारियों ने बताया कि चालक दल के कुछ सदस्य, साथ ही जहाज पर मृत एक यात्री का शव भी पोत पर ही रहेगा। बाद में यह पोत नीदरलैंड के रॉटरडैम के लिए रवाना होगा जहां इसे विषाणुमुक्त करने की प्रक्रिया की जाएगी।
अमेरिका, ब्रिटेन और नीदरलैंड अपने नागरिकों को निकालने के लिए विमान भेज रहे हैं। अमेरिकी नागरिकों को नेब्रास्का के एक चिकित्सा केंद्र में पृथकवास में रखा जाएगा।
नीदरलैंड के विदेश मंत्रालय ने बताया कि उसकी उड़ान में डच नागरिकों और अन्य देशों के लोगों सहित 29 लोग सवार होंगे।
फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि पांच फ्रांसीसी यात्रियों को रविवार को स्वदेश वापस लाया जाएगा और उन्हें निगरानी के लिए 72 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रखा जाएगा, जिसके बाद वे 45 दिन तक घर में पृथकवास में रहेंगे।
एपी
नेत्रपाल प्रशांत
प्रशांत

Facebook


