जर्मनी के गुरुद्वारे में झड़प में चार घायल, पुलिस ने जांच शुरू की

जर्मनी के गुरुद्वारे में झड़प में चार घायल, पुलिस ने जांच शुरू की

जर्मनी के गुरुद्वारे में झड़प में चार घायल, पुलिस ने जांच शुरू की
Modified Date: April 21, 2026 / 01:48 pm IST
Published Date: April 21, 2026 1:48 pm IST

लंदन, 21 अप्रैल (भाषा) जर्मनी के मोर्स शहर में एक गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच झड़प में चार लोग घायल हो गए, जिसके बाद विशेष बलों सहित सुरक्षा बल को बड़े पैमाने पर तैनात किया गया। जर्मनी के अधिकारियों और खबरों में यह जानकारी दी गई।

वेसेल जिला पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह घटना रविवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:20 बजे सिख सामुदायिक केंद्र में प्रार्थना के समय तब हुई, जब वहां मौजूद दो समूहों के बीच कहासुनी हुई।

पुलिस ने रविवार को जारी बयान में कहा, ‘‘चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।’’

बयान में गया कि कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बयान में यह भी कहा गया है, ‘‘चूंकि प्रत्यक्षदर्शियों ने गोलियों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी थी, इसलिए विशेष बलों को बुलाया गया। कुछ समय के लिए पुलिस हेलीकॉप्टर भी तैनात किया गया था।’’

पुलिस ने झगड़े के सही कारण या गोलीबारी के बारे में जानकारी नहीं दी है।

बयान के अनुसार पुलिस और लोक अभियोजक कार्यालय जांच कर रहा है।

जर्मनी के प्रसारक ‘टैगेशचाउ’ के अनुसार, यह टकराव शायद सिख समुदाय के सदस्यों के बीच आंतरिक विवाद के कारण हुआ था।

जर्मन समाचार पोर्टल ‘एनआरजेड’ ने बताया कि गुरुद्वारे में एक उत्सव के दौरान सिख समुदाय के सदस्यों के बीच झड़प हुई, जिसके परिणामस्वरूप भारी पुलिस तैनात करनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने ‘एनआरजेड’ को बताया कि कई पुलिस वाहन, एम्बुलेंस और पुलिस अधिकारी, घटनास्थल पर पहुंचे, जबकि एक विशेष अभियान इकाई इमारत में दाखिल हुई।

समाचार पोर्टल ने एक निवासी के हवाले से कहा, ‘‘कई लोग इमारत से बाहर भागे, कुछ तो नंगे पैर ही भागे।’’

सिख समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि गुरुद्वारे के अंदर गोलियां चलाई गईं और कुछ लोगों पर चाकू और मिर्च स्प्रे से हमला किया गया। हालांकि, एक व्यक्ति ने कहा कि गोलियों की आवाज नहीं सुनाई दी।

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में