वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति मादुरो और डेल्सी रोड्रिगेज पर गुरु सत्य साई बाबा का गहरा प्रभाव
वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति मादुरो और डेल्सी रोड्रिगेज पर गुरु सत्य साई बाबा का गहरा प्रभाव
काराकस, सात फरवरी (एपी) वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और वर्तमान कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज दोनों का पालन-पोषण एक ईसाई बहुसंख्यक देश में कैथोलिक धर्म में हुआ, लेकिन ये दोनों शीर्ष नेता एक भारतीय आध्यात्मिक गुरु के प्रति गहरी श्रद्धा रखते हैं।
वेनेजुएला में धार्मिक पहचान जटिल है क्योंकि यहां लोगों के लिए कई धार्मिक और आध्यात्मिक रीति रिवाजों का पालन करना आम बात है।
मादुरो और रोड्रिगेज दोनों पर ही सत्य साई बाबा का गहरा प्रभाव रहा है।
सत्य साई बाबा का 2011 में निधन हो गया था।
सत्य साई बाबा ने एकता, प्रेम और आध्यात्मिक एकत्व का संदेश दिया। सत्य साई बाबा के संदेशों ने धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक बाधाओं को पार करते हुए 50 से अधिक वर्षों से दुनियाभर में वैश्विक अनुयायियों को आकर्षित किया है।
मादुरो को तीन जनवरी को अमेरिकी सेना ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके कुछ सप्ताह पहले मादुरो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में साईं बाबा के 100वें जन्मदिन को लेकर शुभकामनाएं दी थीं और उम्मीद जताई थी कि ‘‘इस महान गुरु का ज्ञान प्रेम, शांति और उच्च आध्यात्मिकता वाली मातृभूमि के निर्माण के मिशन में हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा”।
रोड्रिगेज, 2024 में दक्षिण भारत में साईं बाबा के आश्रम आई थीं।
उन्होंने पिछले महीने बतौर राष्ट्रपति अपनी पहली मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा था कि वेनेजुएला की जनता एक ‘नए दौर’ का सामना कर रही है, जिसमें सह-अस्तित्व, आपसी सम्मान और दूसरों की स्वीकृति एक नई आध्यात्मिकता के निर्माण और विकास की अनुमति देते हैं
रोड्रिगेज ने अपनी यात्रा के दौरान संगठन के आधिकारिक चैनल को दिए एक साक्षात्कार में यह भी कहा कि कठिन समय में भी उन्हें गुरु की उपस्थिति का अनुभव होता है।
उन्होंने कहा, “कई बार जब मैं संकट में थी, तो मैंने बाबा को अपने साथ, अपने परिवार के साथ और अपने देश के साथ महसूस किया। वह हमेशा हमारे साथ हैं, हमें शिक्षा दे रहे हैं और शांति और प्रेम का मार्ग दिखा रहे हैं।”
एपी जितेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


