हंगरी ने विरोध जताने के लिए रूसी राजदूत को तलब किया
हंगरी ने विरोध जताने के लिए रूसी राजदूत को तलब किया
बुडापेस्ट, 14 मई (एपी) हंगरी ने रूस के राजदूत को तलब कर उसकी सीमा के नजदीक यूक्रेन के इलाके पर बड़े पैमाने पर किये गए ड्रोन हमलों को लेकर विरोध जताया।
हंगरी के इस कदम को पूर्व प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन के नेतृत्व में क्रेमलिन के साथ मधुर संबंधों के बाद नए प्रधान मंत्री पीटर मग्यार द्वारा मॉस्को के प्रति अपनाए गए रुख में आए स्पष्ट बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
एसोसिएटेड प्रेस के संवाददाता के मुताबिक राजदूत एवगेनी स्टैनिस्लावोव हंगरी के विदेश मंत्रालय से निकलते हुए देखे गए। यूक्रेन के ट्रांसकारपैथिया क्षेत्र में बुधवार को हुए हमलों को लेकर तलब किये गए राजदूत विदेश मंत्री अनिता ओर्बन के कार्यालय से करीब 30 मिनट बाद लौटते देखे गए।
यूक्रेन के ट्रांसकारपैथिया क्षेत्र में बड़ी संख्या में हंगरी मूल के लोग रहते हैं।
अनिता ने राजदूत के साथ बैठक करने के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा , ‘‘मैंने रूसी राजदूत से कहा कि ट्रांसकारपैथिया पर हमला करना हंगरी को पूरी तरह से अस्वीकार्य है, क्योंकि उस इलाके में बड़ी संख्या में हंगरी मूल के लोग रहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने इस बात पर जोर दिया कि रूस को तत्काल युद्धविराम और युद्ध के शांतिपूर्ण और स्थायी अंत के लिए यथाशीघ्र हर संभव प्रयास करना चाहिए।’’
रूसी सरकार की ओर से उसके राजदूत को तलब किये जाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने बुधवार को दिन में ट्रांसकारपैथिया सहित देश के लगभग 20 क्षेत्रों को निशाना बनाकर करीब 800 ड्रोन हमले किये। इन हमलों में छह लोगों की मौत हुई है जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


