इमरान खान का सरकारी अस्पताल में हुआ आंखों का इलाज, वापस जेल भेजे गए
इमरान खान का सरकारी अस्पताल में हुआ आंखों का इलाज, वापस जेल भेजे गए
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 15 जून (भाषा) पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उनकी दाहिनी आंख की बीमारी के इलाज के लिए रविवार को इस्लामाबाद के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया और बाद में वापस जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के 73 वर्षीय नेता इमरान खान साल 2023 से सलाखों के पीछे हैं और फिलहाल उन्हें रावलपिंडी की अडियाला जेल में रखा गया है।
अस्पताल द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, खान को कुछ समय के लिए ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (पिम्स) ले जाया गया था, जहां उन्हें पांचवां ‘एंटी-वीईजीएफ इंट्राविट्रियल’ इंजेक्शन दिया गया।
‘एंटी-वीईजीएफ इंट्राविट्रियल’ इंजेक्शन एक ऐसी चिकित्सा प्रक्रिया है जिसमें सीधे आंख के भीतर दवा दी जाती है। यह दवा रक्त वाहिकाओं के उस असामान्य विकास और तरल पदार्थ के रिसाव को रोकती है, जिससे आंखों की रोशनी जाने का खतरा रहता है।
अस्पताल ने अपने बयान में कहा, “इस प्रक्रिया से पहले नेत्र रोग विशेषज्ञों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की, जो स्थिर पाया गया। इसके बाद उनकी आंखों की विशेष स्कैनिंग (ओसीटी) की गई, जिसमें सुधार देखा गया।”
बयान में कहा गया कि खान इलाज के पहले, इस दौरान और बाद में पूरी तरह से स्थिर रहे और उन्हें आगे की देखभाल व फॉलो-अप के निर्देशों के साथ अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


