फ्रांस में मोदी और मैक्रों ने नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों से बातचीत की

फ्रांस में मोदी और मैक्रों ने नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों से बातचीत की

फ्रांस में मोदी और मैक्रों ने नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों से बातचीत की
Modified Date: June 14, 2026 / 09:31 pm IST
Published Date: June 14, 2026 9:31 pm IST

नीस (फ्रांस), 14 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रविवार को नीस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया, जो भारत की डीप-टेक क्षमताओं को प्रदर्शित करता है। दोनों नेता स्टार्टअप प्रदर्शनी देखने पहुंचे और नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं तथा उद्यमियों से बातचीत की।

‘भारत इनोवेट्स 2026’ भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप, नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और निवेशकों को वैश्विक नवाचार फंड और ‘वेंचर कैपिटल फर्म’ के साथ एक मंच पर लाता है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में 13 अहम प्रौद्योगिकी क्षेत्र के 120 बेहतरीन स्टार्टअप और 20 से ज्यादा बेहतरीन संस्थानों के अलावा दुनियाभर से 350 से ज्यादा निवेशक और ‘वेंचर कैपिटलिस्ट’ हिस्सा ले रहे हैं।

‘वेंचर कैपिटल फर्म’ से आशय ऐसी निवेश कंपनियों से है, जो उच्च विकास क्षमता वाले स्टार्टअप और शुरुआती चरण के व्यवसायों में पूंजी लगाती हैं। वहीं, ‘वेंचर कैपिटलिस्ट’ उन निजी निवेशकों को कहते हैं, उच्च विकास क्षमता वाले स्टार्टअप और शुरुआती चरण के व्यवसायों में पूंजी निवेश करते हैं।

मोदी और मैक्रों ने स्टार्टअप प्रदर्शनी का दौरा किया और क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, बायोटेक्नोलॉजी, रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य देखभाल, चिकित्सा प्रौद्योगिकी, एडवांस्ड मटीरियल और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप और नवोन्मेषकों से बातचीत की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत के युवा नवोन्मेषकों, स्टार्टअप संस्थापकों और शोधकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इनक्यूबेटर और स्टार्टअप “भविष्य के विकास इंजन” होंगे, जो नौकरियां और समृद्धि पैदा करेंगे तथा ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में हुई बातचीत “काफी समृद्ध और ज्ञानवर्धक” रही। उन्होंने नवाचार, प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और उभरते हुए क्षेत्रों में भारत में मौजूद मौकों पर चर्चा करने के लिए निवेशकों और वेंचर कैपिटलिस्ट से मुलाकात की।

मोदी ने कहा, “भारत की तरक्की उसकी प्रतिभा, उसके पैमाने, उसकी स्थिरता और उसके सुधारों पर आधारित है, जो उसे निवेश और नवाचार के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाते हैं।”

मैक्रों ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हम अपने लोगों के लिए प्रतिभा, निवेश और ठोस समाधानों का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।”

‘भारत इनोवेट्स 2026’ 14 से 16 जून के बीच आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष’ का हिस्सा है, जिसका मकसद वैश्विक मंच पर भारत की नवाचार क्षमताओं को प्रदर्शित करना है।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में