भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध पहले कभी इतने मजबूत नहीं रहे : अल्बनीज

भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध पहले कभी इतने मजबूत नहीं रहे : अल्बनीज

भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध पहले कभी इतने मजबूत नहीं रहे : अल्बनीज
Modified Date: July 4, 2026 / 07:19 pm IST
Published Date: July 4, 2026 7:19 pm IST

कैनबरा, चार जुलाई (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शनिवार को बताया कि उनके भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध “पहले कभी इतने मजबूत नहीं रहे।”

अल्बनीज ने एक बयान में कहा, “मैं नेताओं के वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रेलिया में स्वागत करने को लेकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।”

मोदी आठ से 10 जुलाई तक मेलबर्न का दौरा करेंगे। वह तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण के तहत ऑस्ट्रेलिया आएंगे। मोदी की विदेश यात्रा छह जुलाई को इंडोनेशिया से शुरू होगी और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड में खत्म होगी।

अल्बनीज ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंध पहले कभी इतने महत्वपूर्ण नहीं रहे और हमारी साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता व समृद्धि को बढ़ावा देती रही है।”

अल्बनीज के कार्यालय ने कहा, “व्यापार, रक्षा और सुरक्षा तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग से दोनों देशों को लाभ हो रहा है।”

अल्बनीज और मोदी की आखिरी मुलाकात 2025 में जोहानिसबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी।

बयान में कहा गया है, “दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने के कारण भारत, ऑस्ट्रेलिया के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार है।”

कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगाढ़ता और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि व स्थिरता को बढ़ावा देने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हम एक सार्थक और यादगार यात्रा की उम्मीद कर रहे हैं।”

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा था कि दोनों नेता मेलबर्न में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान मोदी गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन एसी से भी मुलाकात करेंगे।

मंत्रालय ने बताया कि मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी हिस्सा लेंगे और भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में