भारत ने भगोड़े अभय राणा के प्रत्यर्पण में सहयोग के लिए पुर्तगाल का आभार जताया

भारत ने भगोड़े अभय राणा के प्रत्यर्पण में सहयोग के लिए पुर्तगाल का आभार जताया

भारत ने भगोड़े अभय राणा के प्रत्यर्पण में सहयोग के लिए पुर्तगाल का आभार जताया
Modified Date: May 11, 2026 / 11:24 am IST
Published Date: May 11, 2026 11:24 am IST

लंदन, 11 मई (भाषा) भारत ने भगोड़े अभय राणा के सफल प्रत्यर्पण में सहयोग के लिए पुर्तगाल का आभार व्यक्त किया है।

सरकार ने इसे विदेशों में रह रहे वांछित अपराधियों को वापस लाने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

रंगदारी, आपराधिक धमकी और हत्या के प्रयास सहित कई मामलों में हरियाणा पुलिस के लिए वांछित राणा को ‘इंटरपोल रेड नोटिस’ जारी होने के बाद भारत और पुर्तगाल के बीच द्विपक्षीय प्रत्यर्पण समझौते के तहत शनिवार को पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किया गया।

पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन स्थित भारतीय दूतावास द्वारा शनिवार को जारी बयान में कहा गया कि भारत, राणा के सफल प्रत्यर्पण में सहयोग और समर्थन के लिए पुर्तगाल तथा वहां की कानून प्रवर्तन एजेंसियों का आभार व्यक्त करता है।

बयान में कहा गया कि यह प्रत्यर्पण “विदेशों में रह रहे भगोड़ों को भारत लाने के भारत सरकार के जारी प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम” है।

इसके अनुसार, यह अभियान विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, हरियाणा पुलिस, लिस्बन स्थित भारतीय दूतावास और पुर्तगाल की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच “सक्रिय और निरंतर समन्वय” के कारण सफल हो पाया।

प्रत्यर्पण प्रक्रिया का समन्वय करने वाली एजेंसी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अनुसार, हरियाणा पुलिस को “रंगदारी, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध गिरोह चलाने, हत्या के प्रयास और जान से मारने की धमकी” जैसे अपराधों से जुड़े कई मामलों में राणा की तलाश थी।

सीबीआई ने शनिवार को नई दिल्ली में जारी बयान में कहा, “पुर्तगाली अधिकारियों द्वारा आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें प्रत्यर्पण अनुरोध सौंपा गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुर्तगाली अधिकारियों ने आरोपी के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दी।”

इंटरपोल से जुड़े मामलों के लिए भारत की नोडल एजेंसी सीबीआई ने बताया कि उसने राणा के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में