भारत ने मादक पदार्थ से जुड़े आतंकी इकबाल सिंह के प्रत्यर्पण में सहयोग के लिए पुर्तगाल का आभार जताया

भारत ने मादक पदार्थ से जुड़े आतंकी इकबाल सिंह के प्रत्यर्पण में सहयोग के लिए पुर्तगाल का आभार जताया

भारत ने मादक पदार्थ से जुड़े आतंकी इकबाल सिंह के प्रत्यर्पण में सहयोग के लिए पुर्तगाल का आभार जताया
Modified Date: May 14, 2026 / 11:38 am IST
Published Date: May 14, 2026 11:38 am IST

लिस्बन, 14 मई (भाषा) भारत ने मादक पदार्थ से संबद्ध वांछित आतंकवादी इकबाल सिंह उर्फ शेरा के पुर्तगाल से प्रत्यर्पण में समर्थन और सहयोग के लिए वहां की सरकार और उसकी एजेंसियों का आभार व्यक्त किया है।

बुधवार को, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पुर्तगाल से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण के बाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुर्तगाल से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचते ही एनआईए के एक दल ने उसे हिरासत में ले लिया। वह 2020 में फरार हो गया था और पुर्तगाल चला गया था।

लिस्बन स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘लिस्बन में भारत का दूतावास इकबाल सिंह के भारत प्रत्यर्पण में समर्थन और सहयोग के लिए पुर्तगाली अधिकारियों को धन्यवाद देता है।’

दूतावास द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि पुर्तगाल से इकबाल सिंह उर्फ शेरा को सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया है। सिंह पर मादक पदार्थ तस्करी और आतंकवाद के लिए वित्तपोषण करने सहित कई गंभीर अपराधों के आरोप हैं। अब भारत में उस पर मुकदमा चलाया जाएगा।

बयान में कहा गया, ‘भारत सरकार इकबाल सिंह के सफल प्रत्यर्पण में सहयोग और समर्थन के लिए पुर्तगाल सरकार और उसकी एजेंसियों को धन्यवाद देती है।’

‘एक्स’ पर जारी बयान के अनुसार, यह प्रत्यर्पण भारत और पुर्तगाल के बीच द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि और इंटरपोल रेड नोटिस जारी होने के अनुसरण में हुआ है। इस प्रक्रिया में विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, एनआईए, केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) और लिस्बन स्थित भारतीय दूतावास ने पुर्तगाल के संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया।

बयान में कहा गया, ‘इकबाल सिंह का प्रत्यर्पण अपराधियों के लिए सभी रास्ते बंद करने और उन्हें न्याय का सामना करने के लिए भारतीय अदालतों में लाने के भारत सरकार के चल रहे प्रयासों के तहत एक महत्वपूर्ण कदम है।’

नयी दिल्ली में जांच के दौरान एनआईए ने पाया कि शेरा पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी में शामिल भारत स्थित एक मादक पदार्थ-आतंकवादी मॉड्यूल का मुख्य साजिशकर्ता और संचालक था।

जांच एजेंसी के अनुसार, पंजाब के अमृतसर का रहने वाला शेरा सीमावर्ती राज्य (पंजाब) में पाकिस्तान से नशीले पदार्थों की तस्करी की साजिश का कथित तौर पर मुख्य कर्ताधर्ता था।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में