‘प्रेसिडेंशियल एआई अवार्ड’ के विजेताओं में भारतीय अमेरिकी छात्र शामिल

‘प्रेसिडेंशियल एआई अवार्ड’ के विजेताओं में भारतीय अमेरिकी छात्र शामिल

‘प्रेसिडेंशियल एआई अवार्ड’ के विजेताओं में भारतीय अमेरिकी छात्र शामिल
Modified Date: June 10, 2026 / 11:30 am IST
Published Date: June 10, 2026 11:30 am IST

वाशिंगटन, 10 जून (भाषा) स्कूलों में धौंस (बुलिंग) रोकने के लिए भारतीय-अमेरिकी छात्रों की प्रमुख भागीदारी वाली एक टीम को उसके द्वारा विकसित किए गए चैटबॉट के लिए प्रथम ‘प्रेसिडेंशियल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैलेंज’ के राष्ट्रीय चैंपियन पुरस्कारों में सम्मानित किया गया।

अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में आयोजित समारोह में ये पुरस्कार प्रदान किए।

वर्जीनिया के एल्डी शहर की पांच सदस्यीय टीम-आरना जायसवाल, ईशानी खत्री, रिवा मड्डा, सम्हिता पिन्नामारेड्डी और सनुली रत्नायके ने ‘फ्रेंडज़ोन चैटबॉट बुलिंग प्रिवेंशन ऐप’ विकसित करने के लिए एलीमेंट्री स्कूल ट्रैक-2 श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार जीता।

वाशिंगटन राज्य के समामिश स्थित नॉर्थस्टार मिडिल स्कूल के छात्रों विहा अय्यर, आर्य प्रताप और श्रीमयी शेट्टी की टीम ने अपने ‘स्किलअप’ प्रोजेक्ट के लिए मिडिल स्कूल ट्रैक-1 श्रेणी में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

हाई स्कूल वर्ग में पेनसिल्वेनिया के अपर डार्बी सीनियर हाई स्कूल के छात्र खंदाकर माहिन ने ‘आपराधिक जांच में होटल कमरों की पहचान के लिए कंप्यूटर विज़न का उपयोग’ विषयक परियोजना के लिए ट्रैक-1 श्रेणी का राष्ट्रीय खिताब जीता।

माहिन इस सप्ताह हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करेंगे और शरद सत्र में हार्वर्ड विश्वविद्यालय में प्रवेश लेंगे।

अन्य विजेताओं में टेनेसी के एल्कोआ इंटरमीडिएट स्कूल के छात्रों की टीम शामिल रही। राइकर कोक्रेन, एम्मा कॉनर, एरॉन गैलाघर और एडेन टैवर्ना की इस टीम ने ‘होमवर्क हेल्पर’ परियोजना के लिए एलीमेंट्री ट्रैक-1 श्रेणी का पुरस्कार हासिल किया।

मिडिल स्कूल ट्रैक-2 श्रेणी में फ्लोरिडा के जैक्सनविल स्थित जूलिया लैंडन कॉलेज प्रिपरेटरी स्कूल के छात्र शान वेंस को ‘स्ट्रीट-व्यू छवियों के जरिए शहरी अव्यवस्था का पता लगाने के लिए एआई मॉडल का उपयोग’ परियोजना के लिए सम्मानित किया गया।

पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने छात्रों की सराहना की और उन्हें अमेरिका का भावी नवप्रवर्तक बताया।

‘प्रेसिडेंशियल एआई चैलेंज’ में अमेरिका के सभी 50 राज्यों, डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया, प्यूर्टो रिको और विदेशों में स्थित रक्षा विभाग के स्कूलों से प्रविष्टियां प्राप्त हुईं।

भाषा मनीषा नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में