ईरान एवं अमेरिका युद्ध समापन पर केंद्रित समझौते के करीब पहुंचे : अधिकारी

ईरान एवं अमेरिका युद्ध समापन पर केंद्रित समझौते के करीब पहुंचे : अधिकारी

ईरान एवं अमेरिका युद्ध समापन पर केंद्रित समझौते के करीब पहुंचे : अधिकारी
Modified Date: May 23, 2026 / 11:16 pm IST
Published Date: May 23, 2026 11:16 pm IST

इस्लामाबाद, 23 मई (एपी) ईरान पर नए हमलों के विकल्पों को आजमाने में अमेरिका के जुटे रहने के बीच दो क्षेत्रीय अधिकारियों और एक राजनयिक ने कहा कि दोनों देश युद्ध के समापन पर केंद्रित संधिपत्र पर राजी होने के करीब है।

पाकिस्तान के सेना प्रमुख द्वारा तेहरान में और अधिक वार्ता किए जाने के बाद ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत में ‘मतभेद में कमी आने’ के संकेत दिए हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत में पत्रकारों से कहा कि ‘‘कुछ प्रगति हुई है’’ और ‘‘आज बाद में कुछ खबर आ सकती है।’’

अधिकारियों और राजनयिकों ने उम्मीद जताई कि दोनों पक्षों द्वारा पुनर्विचार किए जाने के बाद पाकिस्तान द्वारा तैयार किए गए मसौदे पर अंतिम निर्णय 48 घंटों के भीतर आ सकता है।

इन अधिकारियों एवं राजयनिकों ने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि वे मीडिया को जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं थे।

उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने शेष मतभेदों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा कतर ने पाकिस्तान के मध्यस्थता प्रयासों के पक्ष में तेहरान में एक वरिष्ठ अधिकारी को भेजकर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

फिर भी, ईरान और अमेरिका दोनों ने अपने मुख्य रुख पर जोर दिया है और हमलों को फिर से शुरू करने के जोखिमों के बारे में चेतावनी दी है।

ईरान के सरकारी टीवी ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई के हवाले से बताया कि मसौदा एक ‘ढांचागत समझौता’ है । उन्होंने कहा,‘ ‘हम चाहते हैं कि इसमें थोपे गए युद्ध को समाप्त करने के लिए आवश्यक मुख्य मुद्दे और हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अन्य मुद्दे शामिल हों। फिर, 30 से 60 दिनों की उचित समयावधि में, विवरणों पर चर्चा की जाएगी और अंततः एक अंतिम समझौता किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य भी चर्चा के विषयों में शामिल है।

बगाई ने कहा कि परमाणु मुद्दे मौजूदा वार्ता का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि तेहरान अंतरराष्ट्रीय तनाव के केंद्र में लंबे समय से मौजूद अपने परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा करने से पहले युद्ध को समाप्त करना चाहता है।

एपी राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में