ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा, प्रधानमंत्री शरीफ और सेना प्रमुख मुनीर से बातचीत करेगा

ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा, प्रधानमंत्री शरीफ और सेना प्रमुख मुनीर से बातचीत करेगा

ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा, प्रधानमंत्री शरीफ और सेना प्रमुख मुनीर से बातचीत करेगा
Modified Date: July 21, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: July 21, 2026 9:04 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 21 जुलाई (भाषा) अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी के नेतृत्व में देश का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा है, जहां वह प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बातचीत करेगा।

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने उनके निमंत्रण पर सोमवार शाम इस्लामाबाद पहुंचे मोमेनी का स्वागत किया।

मोमेनी ने ‘यादगार-ए-शुहदा’ पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान, संघीय कांस्टेबुलरी के एक दस्ते ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया।

मोमेनी ने इस्लामाबाद में ‘जीरो प्वाइंट’ के पास स्थित पहाड़ी क्षेत्र शकरपरियां पार्क का भी दौरा किया, जहां से उन्हें शहर का दिलकश नजारा देखने को मिला।

पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल ने अपनी खबर में बताया कि इस्लामाबाद की यात्रा के दौरान मोमेनी प्रधानमंत्री शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर से मिलेंगे।

उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका और ईरान के एक-दूसरे के खिलाफ फिर से हमले शुरू करने से पश्चिम एशिया में हालात बिगड़ गए हैं।

माना जा रहा है कि पाकिस्तान सहित अन्य मध्यस्थों ने हमलों को रोकने और दोनों पक्षों के बीच बातचीत फिर से शुरू कराने के लिए पर्दे के पीछे की अपनी कोशिशें जारी रखी हैं।

पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध-विराम के लिए मध्यस्थता की थी। वह दोनों देशों के बीच पिछले महीने हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) को विफल होने से रोकने की कोशिशों में जुटा है। यह एमओयू 14-सूत्रीय एक अंतरिम शांति समझौता है, जिसका मकसद ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध को खत्म करना है।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में