इस्लामिक स्टेट समूह का प्रमुख आतंकवादी अमेरिका-नाइजीरिया के संयुक्त अभियान में मारा गया
इस्लामिक स्टेट समूह का प्रमुख आतंकवादी अमेरिका-नाइजीरिया के संयुक्त अभियान में मारा गया
वाशिंगटन, 16 मई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और नाइजीरिया के सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक अभियान में इस्लामिक स्टेट समूह के एक कुख्यात आतंकवादी को मार गिराया।
ट्रंप ने देर रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस संयुक्त अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अबू बक्र अल-मैनुकी वैश्विक स्तर पर इस्लामिक स्टेट समूह का दूसरा सबसे बड़ा आतंकी था और ‘‘उसे लगा कि वह अफ्रीका में छिप सकता है लेकिन उसे यह नहीं पता था कि हमारे पास ऐसे सूत्र हैं, जो हमें उसकी गतिविधियों की जानकारी देते रहते थे।’’
नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका अल-मैनुकी को आईएस के संगठन और वित्तपोषण में प्रमुख व्यक्ति मानता था और वह अमेरिका और उसके हितों के खिलाफ हमले की साजिश रच रहा था।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने अभियान की पुष्टि की और कहा कि चाड झील के पास स्थित इलाके में अल-मैनुकी के ठिकाने पर किये गये हमले के दौरान कुख्यात आतंकी अपने कई लड़ाकों के साथ मारा गया।
अभियान में शामिल नाइजीरिया के सैन्य कार्य बल के प्रवक्ता सानी उबा के अनुसार शुक्रवार देर रात अंधेरे में तीन घंटे तक यह अभियान चला, जिसमें किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
प्रवक्ता ने कहा, “अल-मैनुकी का मारा जाना इस क्षेत्र में 2015 में अभियान की शुरुआत के बाद से आतंकवाद के खिलाफ सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”
आतंकवादी समूहों पर नजर रखने वाली संस्था ‘काउंटर एक्सट्रीमिज्म प्रोजेक्ट’ के अनुसार, 1982 में नाइजीरिया के बोर्नो प्रांत में जन्मे अल-मैनुकी ने 2018 में मम्मन नूर के मारे जाने के बाद पश्चिम अफ्रीका में आईएस शाखा की बागडोर संभाली थी।
एपी जोहेब प्रशांत
प्रशांत

Facebook


