गणित के क्षेत्र में भारत का योगदान दर्शाने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे जयशंकर

गणित के क्षेत्र में भारत का योगदान दर्शाने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे जयशंकर

गणित के क्षेत्र में भारत का योगदान दर्शाने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे जयशंकर
Modified Date: May 11, 2026 / 08:47 am IST
Published Date: May 11, 2026 8:47 am IST

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 11 मई (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे, जिसमें सहस्राब्दियों के दौरान गणित के क्षेत्र में भारत के ऐतिहासिक और समृद्ध योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस प्रदर्शनी का शीर्षक है ‘फ्रॉम शून्य टू अनंत (ज़ीरो टू इन्फिनिटी)- भारतीय सभ्यता का गणित में योगदान’ जिसमें 2,000 से अधिक वर्षों में गणित के क्षेत्र में भारत के व्यापक योगदान और “विचार, अनुप्रयोग तथा विकास” की विरासत को उजागर किया जाएगा।

जयशंकर दो से 10 मई तक जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद एवं टोबैगो की आधिकारिक यात्रा पर थे। वह सोमवार को न्यूयॉर्क जाएंगे और इस संक्षिप्त यात्रा के दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि यह प्रदर्शनी संयुक्त राष्ट्र के राजदूतों, राजनयिकों, आगंतुकों और अन्य अधिकारियों को भारत की गणितीय विरासत और योगदान को “मानवता की साझा धरोहर” के रूप में देखने का अवसर प्रदान करेगी।

यह विशेष प्रदर्शनी आर्यभट्ट, ब्रह्मगुप्त और भास्कर जैसे महान भारतीय विद्वानों से लेकर केरल के खगोलशास्त्र और गणित विद्यालय तक की गौरवशाली परंपरा को सम्मानित करेगी।

अधिकारियों ने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य यह दर्शाना है कि यद्यपि गणित का दायरा वैश्विक है, फिर भी इसकी उत्पत्ति में भारत का योगदान विशिष्ट है।

भाषा शोभना यासिर

शोभना


लेखक के बारे में