जिल बाइडन के पूर्व पति पर अपनी पत्नी लिंडा स्टीवेन्सन की हत्या करने का आरोप
जिल बाइडन के पूर्व पति पर अपनी पत्नी लिंडा स्टीवेन्सन की हत्या करने का आरोप
विलिंगटन (अमेरिका), चार फरवरी (एपी) अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन के पूर्व पति विलियम स्टीवेन्सन पर दिसंबर के अंत में डेलावेयर स्थित घर में अपनी पत्नी लिंडा स्टीवेन्सन की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
विलमिंगटन निवासी विलियम स्टीवेन्सन (77) का जिल बाइडन से वैवाहिक रिश्ता 1970 से 1975 तक चला था।
डेलावेयर के अटॉर्नी जनरल की प्रवक्ता कैरोलिन हैरिसन ने फोन पर बातचीत में पुष्टि की कि स्टीवेन्सन, जिल बाइडन के पूर्व पति हैं।
पूर्व राष्ट्रपति और भूतपूर्व प्रथम महिला के कार्यालय के प्रवक्ता द्वारा ईमेल के माध्यम से दिए गए जवाब के अनुसार, जिल बाइडन ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
हत्या के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किए जाने के बाद पांच लाख अमेरिकी डॉलर की जमानत राशि जमा करने में विफल रहने के कारण स्टीवेन्सन जेल में ही है। उन पर 28 दिसंबर को 64 वर्षीय लिंडा स्टीवेन्सन की हत्या का आरोप है।
विज्ञप्ति के अनुसार, रात 11 बजे के बाद घरेलू विवाद की सूचना पर पुलिस को घर बुलाया गया और उन्होंने बैठक कक्ष में एक महिला को बेहोश पाया।
लिंडा स्टीवेन्सन के शोक संदेश के मुताबिक, वह व्यवसाय करती थी और उन्हें परिवार-उन्मुख मां और दादी बताया गया है। हालांकि शोक संदेश में उनके पति का कोई जिक्र नहीं है।
जिल बाइडन ने 1977 में अमेरिकी सीनेटर जो बाइडन से शादी की। जो बाइडन जनवरी 2021 से जनवरी 2025 तक अमेरिकी राष्ट्रपति रहे।
एपी नोमान पवनेश
पवनेश
पवनेश

Facebook


