केरल के व्यक्ति ने ब्रिटेन में तीन साल की बच्ची को साहसिक तरीके से बचाया
केरल के व्यक्ति ने ब्रिटेन में तीन साल की बच्ची को साहसिक तरीके से बचाया
(अदिति खन्ना)
लंदन, 14 जून (भाषा) पूर्वी लंदन में एक खिड़की की चौखट से लटकी तीन साल की एक बच्ची को बचाने का साहसिक प्रयास करने के बाद भारतीय मूल के एक रेस्तरां प्रबंधक को लोगों की काफी प्रशंसा मिल रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
केरल के मलप्पुरम के मूल निवासी मोहम्मद जसील ने कहा कि उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में जब उस भयभीत बच्ची को अपने पैर जमाने के लिए संघर्ष करते देखा तो उन्होंने बिना सोचे-समझे, सहज प्रवृत्ति के आधार पर कार्रवाई की, क्योंकि उस समय उन्हें अपने बच्चों की याद आई।
पांच माह के जुड़वां बच्चों के पिता जसील ने यह भी कहा कि जब बच्ची ने छलांग लगाई तो उसे सुरक्षित पकड़ने में उनकी क्रिकेट खेलने की कौशल का भी योगदान रहा। जसील ने ‘मेट्रो’ को बताया, ‘मुझे डर नहीं लगा, मैंने सोचा ही नहीं। मैं कोई हीरो नहीं हूं, मैंने बस एक पिता की तरह प्रतिक्रिया दी जब एक बच्ची मुश्किल में थी।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने भारत में क्रिकेट खेला है, शायद उसी से मुझे उसे पकड़ने में मदद मिली। मुझे पता था कि मुझे बस ध्यान केंद्रित करना है।’
उन्होंने कहा, ‘जब मैं उसे पकड़ लिया तो मुझे बहुत राहत मिली; उसने कुछ नहीं कहा, बस मुझे जोर से गले लगा लिया।’’
बच्ची के पिता ने पुलिसकर्मी और जसील, दोनों को ‘अद्भुत हीरो’ बताया।
उन्होंने अखबार से कहा, ‘वे दोनों अद्भुत हैं। वे हीरो हैं। हम बहुत राहत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने हमारी बच्ची को बचाया। वह अब ठीक है, हम उनके बहुत आभारी हैं।’
घटना के बाद से जसील के सोशल मीडिया अकाउंट पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी प्रशंसा की। यह घटना मंगलवार को ‘इलफोर्ड हाई स्ट्रीट’ पर कुछ दुकानों के ऊपर स्थित एक फ्लैट में हुई थी।
प्रशंसा करने वालों को जसील ने धन्यवाद दिया।
इस हफ्ते सोशल मीडिया पर सामने आये घटना के वीडियो में जसील को एक दुकान की छत पर कूदकर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। जसील ने एक पुलिस अधिकारी की मदद करने के लिए ऊपर पहुंचे जो उस लड़की को सुरक्षित नीचे उतरने में मदद करने की कोशिश कर रहा था। जसील और पुलिसकर्मी दोनों लड़की के ठीक नीचे खड़े हो गए और उसे नीचे कूदने के लिए हिम्मत बंधाते दिखे, जिसके बाद लड़की नीचे कूदी और जेसील ने उसे हाथों से पकड़ लिया।
भाषा शुभम अमित
अमित

Facebook


