उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमले में शामिल आतंकवादी ढेर

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमले में शामिल आतंकवादी ढेर

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमले में शामिल आतंकवादी ढेर
Modified Date: August 2, 2026 / 05:36 pm IST
Published Date: August 2, 2026 5:36 pm IST

पेशावर, दो अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सुरक्षा बलों ने रविवार को एक आतंकवादी को मार गिराया, जिस पर पिछले सप्ताह एक पुलिस चौकी पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप था। इस हमले में नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले के चापरी नरयाब क्षेत्र के पास खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान में मारा गया वांछित आतंकवादी खजीना बांदा पुलिस चौकी पर हुए हमले का कथित मुख्य साजिशकर्ता था।

अफगानिस्तान की सीमा से लगे हंगू जिले में बुधवार देर रात खजीना बांदा पुलिस चौकी पर हुए हमले में एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) समेत नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि 28 अन्य घायल हुए थे। भीषण मुठभेड़ के दौरान 15 आतंकवादी भी मारे गए थे।

एक अन्य घटना में खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में हुए विस्फोट में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, राजधानी शहर के पुलिस अधिकारी (सीसीपीओ) डॉ. मियां सईद ने बताया कि यह विस्फोट गुलबहार थाना क्षेत्र में ग्रैंड ट्रंक रोड पर एक पुलिस वाहन के पास हुआ। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे हरित पट्टी में लगाए गए विस्फोटक उपकरण के कारण धमाका हुआ।

किसी संगठन या व्यक्ति ने हमले की तत्काल जिम्मेदारी नहीं ली।

सईद ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाषा अमित प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में