गलत पहचान प्रकरण: पाकिस्तान के पंजाब में पुलिस गोलीबारी में नौ वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बच्ची की मौत
गलत पहचान प्रकरण: पाकिस्तान के पंजाब में पुलिस गोलीबारी में नौ वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बच्ची की मौत
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 14 जून (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस द्वारा एक कार पर अंधाधुंध गोलियां चलाने से उसमें सवार पाकिस्तानी मूल की नौ वर्षीय एक ऑस्ट्रेलियाई बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को कार में लुटेरे होने का संदेह था।
यह घटना लाहौर से करीब 300 किलोमीटर दूर चकवाल जिले में 10 जून को हुई।
पुलिस के अनुसार, अदील अहमद (39), उनकी पत्नी डॉ. सिदरा खान, बेटी हानिया (9) और बेटा आफान (10) का यह ऑस्ट्रेलियाई-पाकिस्तानी परिवार पिछले हफ्ते सऊदी अरब में हज यात्रा करने के बाद पाकिस्तान लौटा था।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि पिछले बुधवार की रात जब अहमद अपने परिवार के सदस्यों के साथ एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे तब मोटरसाइकिल सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने उनकी कार का रास्ता रोक लिया।
बयान में कहा गया है कि अहमद ने तुरंत पुलिस के आपातकालीन नंबर पर कॉल कर घटना की सूचना दी थी।
बयान के अनुसार इसके बाद पाकिस्तान पुलिस के एक विशेष बल ‘अपराध नियंत्रण विभाग’ (सीसीडी) के जवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार में सवार परिवार को ही गलती से लुटेरा समझ लिया तथा उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
पुलिस ने बताया कि अंधाधुंध गोलीबारी में शामिल सीसीडी के एक अधिकारी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य कर्मियों के खिलाफ औपचारिक जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार परिवार को लूटने का प्रयास करने वाले दो संदिग्धों को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने बताया कि मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद फैयाज के रूप में पहचाने गए ये दोनों संदिग्ध कथित तौर पर भागने की कोशिश के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।
भाषा सुमित राजकुमार
राजकुमार

Facebook


