मध्य इजराइल में गोलीबारी की घटना में एक सैनिक की मौत; पांच अन्य लोग घायल
मध्य इजराइल में गोलीबारी की घटना में एक सैनिक की मौत; पांच अन्य लोग घायल
तेल अवीव, आठ जून (एपी) इजराइली नागरिकता वाले एक फलस्तीनी युवक ने रविवार को मध्य इजराइल के कई कस्बों में गोलीबारी की, जिसमें एक सैन्यकर्मी की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। इजराइल की सेना और पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने हमलावर को मार गिराया।
यह हमला ऐसे समय में हुआ, जब पास के वेस्ट बैंक क्षेत्र में हाल के दिनों में इजराइली बस्तियों के निवासियों द्वारा किए गए हमलों और सप्ताहांत में एक फलस्तीनी शिशु की गोलीबारी में मौत के बाद तनाव काफी बढ़ गया।
पुलिस ने हमलावर की पहचान अरब शहर तैयबेह के 20 वर्षीय निवासी के रूप में की है। हालांकि, उसके हमले के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
गोलीबारी की शुरुआत रविवार सुबह कोखाव याइर कस्बे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई। यह कस्बा कब्जे वाले वेस्ट बैंक की सीमा से लगे इजराइली क्षेत्र में स्थित है।
इसके बाद इजराइल के दो अन्य नजदीकी कस्बों और वेस्ट बैंक के भीतर स्थित इजराइली बस्ती सालित के निकट भी गोलीबारी की घटनाओं की सूचना मिली।
शुरुआत में पुलिस को आशंका थी कि यह सिलसिलेवार हमलों की घटना हो सकती है, लेकिन बाद में जांच में पता चला कि इसमें एक हथियारबंद हमलावर और उसका एक सहयोगी शामिल था। संदिग्ध सहयोगी को बाद में उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब उसने कांच की बोतल से पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की।
इजराइली सेना ने बताया कि त्सूर नातान के निकट 55 वर्षीय एक रिजर्व सैनिक की मौत हो गई। मैगन डेविड अडोम बचाव सेवा के अनुसार, पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है।
एपी खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


