पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेनाध्यक्ष ने खामेनेई को श्रद्धांजलि दी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेनाध्यक्ष ने खामेनेई को श्रद्धांजलि दी
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, तीन जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अगुवाई में पाकिस्तान के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को तेहरान में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि दी।
खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा संयुक्त रूप से किये गए हमले में मारे गए थे।
शरीफ, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार, गृह मंत्री मोहसिन नकवी, सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार, पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ईरान पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शरीफ ने इस्लाम के लिए दिवंगत सर्वोच्च नेता के योगदान को याद किया और अयातुल्ला खामेनेई को ‘‘भावभीनी श्रद्धांजलि’’ दी, जिन्होंने दशकों तक अद्भुत समझदारी और दूरदर्शिता के साथ ईरान का मार्गदर्शन किया।
बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री शरीफ ने ईरान के ‘राष्ट्रीय शोक’ की इस घड़ी में नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद मुजतबा हुसैनी खामेनेई, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और खाड़ी देश की जनता के साथ पूरी एकजुटता प्रकट की।
बयान के मुताबिक शरीफ खामनेई को श्रद्धांजलि देने के लिए तेहरान पहुंचे थे और उसके बाद तुर्किये की अपनी आधिकारिक यात्रा के लिए इस्तांबुल रवाना हो गए।
पाकिस्तान टेलीविजन (पीटीवी) की खबर के मुताबिक श्रद्धांजलि देने के बाद मुनीर भी पाकिस्तान के लिए रवाना हो गए।
पूर्व प्रधानमंत्री और सीनेट (पाकिस्तानी संसद के उच्च सदन) के सभापति यूसुफ रजा गिलानी के नेतृत्व में गए संसदीय प्रतिनिधिमंडल में नेशनल असेंबली (संसद के निचले सदन) के अध्यक्ष सरदार अयाज सादिक, सांसद और सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह भी प्रधानमंत्री शरीफ के साथ खामनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्मों में शामिल हुए।
खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में पांच,छह और सात जुलाई को तेहरान और कोम शहर में निभाई जाएंगी जबकि नौ जुलाई को मशहद शहर में उनको सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


