आशा भोसले के निधन पर पाकिस्तानी कलाकारों ने भी जताया शोक
आशा भोसले के निधन पर पाकिस्तानी कलाकारों ने भी जताया शोक
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 13 अप्रैल (भाषा) महान गायिका आशा भोसले के निधन पर पाकिस्तान के कलाकारों और गायकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें याद किया और उनकी आवाज को पूरी दुनिया के लिए एक अनमोल उपहार बताया।
आशा भोसले का रविवार सुबह 92 वर्ष की आयु में ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उन्हें छाती में संक्रमण और थकान के बाद शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पाकिस्तानी फिल्म एवं टीवी अभिनेता इमरान अब्बास ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह केवल एक देश का नहीं, बल्कि संगीत का नुकसान है। उनके जैसा कोई नहीं था और न ही होगा। आपकी आवाज सिर्फ भारत की नहीं थी, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक उपहार थी। पाकिस्तान में भी हम आपको उतना ही प्यार करते थे।”
गायक-अभिनेता अली जफर ने उन्हें एक अद्वितीय कलाकार बताते हुए कहा, “उनकी आवाज बेमिसाल थी और उनकी बहुमुखी प्रतिभा अद्भुत थी। उनका काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। ऐसी आवाजें समय के साथ फीकी नहीं पड़तीं, बल्कि समय का अभिन्न अंग बन जाती हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
अभिनेत्री रीमा खान ने उन्हें “एक ऐसी धुन जो कभी फीकी नहीं पड़ती” बताते हुए कहा कि उनका निधन एक युग का अंत है।
उन्होंने आशा भोसले की इस क्षमता की सराहना की कि वह चंचल गीतों से लेकर भावपूर्ण गज़लों तक सहजता से गा सकती थीं।
अभिनेता अदनान सिद्दीकी ने कहा, “उनकी आवाज में एक खास जादू था, जो खामोशी के पलों को भी भावनाओं से भर देता था। आज खामोशी सी महसूस हो रही है।”
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव

Facebook


