प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के विपक्षी नेता से मुलाकात की
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के विपक्षी नेता से मुलाकात की
विक्टोरिया (सेशेल्स), 28 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान सेशेल्स के विपक्ष के नेता बर्नार्ड जॉर्जेस से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने ‘‘शांति, समृद्धि और सतत विकास को आगे बढ़ाने’’ की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।
तीन दिवसीय यात्रा पर सेशेल्स आये मोदी, इस देश के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अपनी मुलाकात के दौरान, दोनों नेताओं ने भारत-सेशेल्स की ‘‘मजबूत और स्थायी’’ साझेदारी पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि दोनों ने सेशेल्स में शांति, समृद्धि और सतत विकास को आगे बढ़ाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ व्यापक वार्ता की। मोदी ने कहा कि भारत ऐसे हिंद महासागर की परिकल्पना करता है, जहां समुद्री सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक समृद्धि भी सुनिश्चित हो और जहां साझेदारी का आधार देशों का आकार नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और विश्वास हो।
मोदी ने कहा, ‘‘हम मानते हैं कि हिंद महासागर हमारा साझा घर है। इसकी सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि हमारी साझा जिम्मेदारी है।’’
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


