हर मानव जीवन की गरिमा के प्रति सम्मान की अपील के साथ इस सप्ताहांत फ्रांस जा रहे हैं पोप
हर मानव जीवन की गरिमा के प्रति सम्मान की अपील के साथ इस सप्ताहांत फ्रांस जा रहे हैं पोप
वेटिकन सिटी, 25 सितंबर (एपी) पोप लियो 14वें हर मानव जीवन की गरिमा का सम्मान करने के अपने आह्वान के साथ इस सप्ताहांत फ्रांस की यात्रा पर जा रहे हैं।
फ्रांस में कैथोलिक चर्च का नैतिक मुद्दों पर प्रभाव कम हुआ है, क्योंकि देश धर्मनिरपेक्षता को लेकर कड़े रुख पर कायम है।
इस चार दिवसीय यात्रा के दौरान लियो का फ्रांस की राजधानी पेरिस, कैथोलिक तीर्थस्थल लूर्द और पूर्वोत्तर शहर मेट्ज में व्यस्त कार्यक्रम है। वह युद्ध के समय शांति की अपनी अपील और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस दौर में अधिक चिंतन की जरूरत की ओर ध्यान आकर्षित करने की उम्मीद कर रहे हैं, जब यह तकनीक मानव होने के मूल अर्थ पर ही सवाल उठा रही है।
शुक्रवार को लियो का चार्टर्ड विमान जब पेरिस के ऑर्ली हवाई अड्डे पर उतरेगा, तो पूरे फ्रांस में चर्च की घंटियां बजने की उम्मीद है। उन्हें देखने के लिए 10 लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है।
पोप की इस यात्रा को लेकर लोगों में असामान्य रुचि नजर आ रही है। पिछले 18 सालों में किसी पोप की यह पहली फ्रांस यात्रा है।
पेरिस पहुंचने के बाद लियो की हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात होनी है और इसके बाद वह फिर एलीजे पैलेस में उनसे मिलेंगे।
पहले दिन लियो यूनेस्को मुख्यालय में भाषण देंगे, हाल में फिर से खोले गए नोट्र-डेम कैथेड्रल में संध्या प्रार्थना (वेस्पर्स) में शामिल होंगे और रात में पेरिस स्टेडियम में आयोजित होने वाली विशाल युवा जागरण सभा की अध्यक्षता करेंगे।
एपी रंजन राजकुमार
राजकुमार

Facebook


