प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कनाडाई समकक्ष के साथ साझेदारी मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कनाडाई समकक्ष के साथ साझेदारी मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की
(तस्वीरों के साथ)
एवियॉन (फ्रांस), 16 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कनाडा के अपने समकक्ष मार्क कार्नी से मुलाकात की तथा व्यापार, ऊर्जा, नवोन्मेष, शिक्षा एवं लोगों के बीच परस्पर आदान-प्रदान के जरिए एक मजबूत साझेदारी बनाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की।
दोनों नेताओं की मुलाक़ात पूर्वी फ्रांस के एवियॉन में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग में हुई शानदार प्रगति की समीक्षा की तथा व्यापार, ऊर्जा, नवोन्मेष, शिक्षा और लोगों के बीच परस्पर आदान-प्रदान पर आधारित एक मज़बूत साझेदारी बनाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की।’’
कनाडा के प्रधानमंत्री 27 फरवरी से दो मार्च तक भारत के दौरे पर थे। इस दौरान भारत और कनाडा ने यूरेनियम एवं ज़रूरी खनिजों की आपूर्ति को लेकर अहम समझौते किये थे तथा जल्द ही एक व्यापक आर्थिक साझेदारी करार करने पर सहमति जताई थी।
उस समय, दोनों प्रधानमंत्रियों ने रक्षा, अहम प्रौद्योगिकी, छोटे और मॉड्यूलर परमाणु रिएक्टर, शिक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का भी निश्चय किया था।
कनाडा में 2023 में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का संभावित हाथ होने के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद दोनों देशों के रिश्ते सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए थे।
पिछले साल मार्च में कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद दोनों पक्षों ने रिश्तों को फिर से बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए।
भाषा
राजकुमार प्रशांत
प्रशांत

Facebook


