रूसी मालवाहक जहाजों को नौसैनिक सुरक्षा मुहैया कराएगा रूस
रूसी मालवाहक जहाजों को नौसैनिक सुरक्षा मुहैया कराएगा रूस
(विनय शुक्ला)
मॉस्को, 26 मार्च (भाषा) रूस ने कहा है कि वह अपने मालवाहक जहाजों को नौसैनिक सुरक्षा प्रदान करेगा क्योंकि पश्चिमी देशों की नौसेनाओं द्वारा ऐसे जहाजों को रोकने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
रूस के मैरीटाइम बोर्ड ने बुधवार को एक बैठक में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर रूसी जहाजों की जब्ती या रोकथाम से निपटने के लिए नए दिशा-निर्देश तैयार किए।
ये दिशा-निर्देश मुख्य रूप से अजोव-काला सागर क्षेत्र और बाल्टिक सागर पर लागू होंगे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि अन्य क्षेत्रों में भी नौसैनिक सुरक्षा दी जाएगी या नहीं।
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब यूरोपीय देश रूस के तथाकथित “शैडो फ्लीट” को बाधित करने की कोशिशें तेज कर रहे हैं, जिनका उपयोग भारत और चीन जैसे पारंपरिक ग्राहकों तक हाइड्रोकार्बन पहुंचाने के लिए किया जाता है।
बोर्ड के प्रमुख निकोलाई पत्रुशेव ने कहा, “रूस के साथ काम करने वाले जहाज मालिकों को नौसेना के साथ समन्वय के निर्देश दिए गए हैं” और रूसी मालवाहक जहाजों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि जहाजों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए रूसी नौसेना उनकी निगरानी करेगी और नौवहन क्षेत्रों पर नजर रखेगी।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने घोषणा की है कि उन्होंने सेना को उन रूसी जहाजों को रोकने और तलाशी लेने की अनुमति दी है, जिन्हें उनकी सरकार प्रतिबंधों के बावजूद तेल निर्यात करने वाले नेटवर्क का हिस्सा मानती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इससे समुद्र में यूक्रेन के समर्थकों और रूस के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है।
रूस के मैरीटाइम बोर्ड ने कहा कि रूसी बंदरगाहों से निकलने वाले जहाजों के लिए खतरा बढ़ गया है, जिसमें अवैध गतिविधियों और आतंकी हमलों का जोखिम भी शामिल है।
हाल ही में एक घटना में तुर्किये का तेल टैंकर एल्टयूरा बॉस्फोरस जलडमरूमध्य के पास ड्रोन हमले में क्षतिग्रस्त हो गया। यह जहाज नोवोरोसिस्क से इस्तांबुल जा रहा था।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


