रूसी हमलों में कीव, आसपास के क्षेत्र में चार लोगों की मौत

रूसी हमलों में कीव, आसपास के क्षेत्र में चार लोगों की मौत

रूसी हमलों में कीव, आसपास के क्षेत्र में चार लोगों की मौत
Modified Date: August 8, 2026 / 04:23 pm IST
Published Date: August 8, 2026 4:23 pm IST

कीव (यूक्रेन), आठ अगस्त (एपी) यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्र में रूस के हमलों में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ, जब यूक्रेन ने रूस में एक और तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया।

शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव के उत्तर-पूर्व क्षेत्र के ब्रोवरी जिले में रूसी ड्रोन हमलों से एक मकान ध्वस्त हो गया, जिसमें दो बुजुर्ग दंपति और उनके तीन वर्षीय पोते की मौत हो गई।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि कीव में ‘‘नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर छह बैलिस्टिक मिसाइल से किए गए हमले’’ में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई।

यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस की ओर से रात में दागे गए 151 ड्रोन में से 135 को उसने मार गिराया या बीच में ही रोक दिया। हमले में छह बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य निर्देशित मिसाइल का भी इस्तेमाल किया गया।

वहीं, रूस में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र स्थित इल्स्की तेल रिफाइनरी में ड्रोन के मलबे के गिरने से आग लग गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।

यूक्रेन द्वारा घरेलू स्तर पर विकसित हथियारों से किए जा रहे मिसाइल हमलों ने कई महीनों से रूस के तेल प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस अभियान के कारण ईंधन संकट से रूस की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

नवीनतम हमले जेलेंस्की के शुक्रवार को सर्बिया की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर पहुंचने के कुछ घंटे बाद हुए। सर्बिया उन कुछ यूरोपीय देशों में शामिल है, जिसने यूक्रेन पर रूस के हमले के बावजूद मॉस्को के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखे हैं।

एपी आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में