वानुआतु में नौका हादसे के बाद 37 लापता लोगों की तलाश बंद, 39 लोगों की मौत की आशंका

वानुआतु में नौका हादसे के बाद 37 लापता लोगों की तलाश बंद, 39 लोगों की मौत की आशंका

वानुआतु में नौका हादसे के बाद 37 लापता लोगों की तलाश बंद, 39 लोगों की मौत की आशंका
Modified Date: September 18, 2026 / 02:40 pm IST
Published Date: September 18, 2026 2:40 pm IST

वेलिंगटन, 18 सितंबर (एपी) वानुआतु के तट के पास खराब मौसम के दौरान यात्री नौका डूबने के बाद लापता लोगों की तलाश अब बंद कर दी गई है। हादसे में 39 लोगों के मारे जाने की आशंका है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पिछले सप्ताहांत 14 जीवित लोगों और दो शवों के मिलने के बाद से समुद्र से कोई और व्यक्ति नहीं मिला है।

वानुआतु समुद्री सुरक्षा प्राधिकरण के उप आयुक्त लॉयड एम. फिकियासी ने ‘एपी’ को बताया कि ‘एमवी मातुई’ नौका 11 सितंबर को डूब गई थी। यह नौका 53 लोगों को लेकर सैंटो और अम्बाए द्वीपों के बीच जा रही थी।

अधिकारियों ने इस सप्ताह बताया था कि नौका के डूबने की सूचना पूरे एक दिन तक नहीं दी गई थी और कई दिनों तक इसमें सवार लोगों की सही संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई थी।

फिकियासी ने बताया कि जिन कुछ लोगों को पहले लापता बताया गया था, वे वास्तव में नौका पर सवार ही नहीं हुए थे। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताहांत दो शव बरामद किए गए थे, जबकि समुद्र में तलाश अभियान बृहस्पतिवार को 37 लोगों के अब भी लापता होने के साथ समाप्त कर दिया गया।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, समुद्री सुरक्षा प्राधिकरण ने इस सप्ताह नौवहन कानूनों के उल्लंघन के आरोप में ‘टुई शिपिंग’ के मालिकों, कंपनी के प्रबंधन और नौका के कप्तान के खिलाफ पुलिस में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है।

वानुआतु के ‘डेली पोस्ट’ ने बताया कि इस नौका को यात्रियों को ले जाने की अनुमति नहीं थी और निरीक्षकों ने हादसे से एक दिन पहले कंपनी को कर्मचारियों और माल की अधिक लोडिंग को लेकर चेतावनी दी थी।

एपी मनीषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में