टार्टाग्लियोन ने एपस्टीन की आत्महत्या की कथित कोशिश के बाद नोट मिलने का दावा किया
टार्टाग्लियोन ने एपस्टीन की आत्महत्या की कथित कोशिश के बाद नोट मिलने का दावा किया
न्यूयॉर्क, सात मई (एपी) न्यूयॉर्क की एक अदालत ने उस रहस्यमय नोट को सार्वजनिक कर दिया है, जिसे जेफ्री एपस्टीन के साथ जेल में बंद रहे निकोलस टार्टाग्लियोन ने मिलने का दावा किया था। यह नोट वर्षों से एक अदालत के वॉल्ट में बंद था।
यह नोट यौन अपराधी एपस्टीन की आत्महत्या की पहली कथित कोशिश के बाद टार्टाग्लियोन को मिला था।
न्यूयॉर्क के व्हाइट प्लेन्स में अमेरिकी जिला न्यायाधीश केनेथ करास ने नोट जारी करने का आदेश दिया था। इससे पहले ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने पिछले सप्ताह इसे और उस मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का अनुरोध किया था जिसमें टार्टाग्लियोन शामिल था। संघीय अभियोजकों ने इस अनुरोध का विरोध नहीं किया।
इस नोट के बारे में तब तक बहुत कम लोगों को ही पता था, जब तक कि चार लोगों की हत्या के लिए उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व पुलिस अधिकारी टार्टाग्लियोन ने पिछले साल लेखिका जेसिका रीड क्रॉस के पॉडकास्ट पर इसका ज़िक्र नहीं किया।
टार्टाग्लियोन ने दावा किया कि उसे यह नोट एक किताब में तब मिला जब एपस्टीन 23 जुलाई, 2019 को मैनहट्टन फेडरल जेल में अपनी कोठरी के फर्श पर पड़ा मिला था और उसके गले में एक चादर की पट्टी लिपटी हुई थी। इसके तीन सप्ताह बाद एपस्टीन अपनी कोठरी में मृत मिला था और अधिकारियों ने इसे आत्महत्या बताया था।
इस संक्षिप्त नोट में कई जगह लिखावट समझना मुश्किल है। इसमें लिखा है, ‘‘उन्होंने एक महीने तक मुझसे पूछताछ की। कुछ नहीं मिला। यह अच्छी बात है कि मैं खुद अपना ‘अलविदा’ कहने का समय चुन सकता हूं।’’
यह साफ नहीं है कि टार्टाग्लिओन ने जिस नोट को खोजने का दावा किया है, उसे किसने लिखा था। एपस्टीन की मौत के हालात की जांच करने वाली लंबी सरकारी रिपोर्ट में इसका ज़िक्र नहीं था, न ही यह बात न्याय विभाग द्वारा हाल में जारी दिवंगत कारोबारी की फाइलों में सामने आई।
भाषा वैभव माधव
माधव

Facebook


