एपस्टीन फाइल से यूरोप में भूचाल, जांच के घेरे में कई कद्दावर हस्तियां

एपस्टीन फाइल से यूरोप में भूचाल, जांच के घेरे में कई कद्दावर हस्तियां

एपस्टीन फाइल से यूरोप में भूचाल, जांच के घेरे में कई कद्दावर हस्तियां
Modified Date: February 7, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: February 7, 2026 8:30 pm IST

लंदन, सात फरवरी (एपी) एपस्टीन फाइल जारी होने के बाद यूरोप के विभिन्न देशों की कई नामचीन हस्तियां जांच के घेरे में हैं। इनमें एक प्रिंस, कई राजनेता, राजदूत और विभिन्न क्षेत्रों के नामी गिरामी चेहरे शामिल हैं।

अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा बड़ी संख्या में जारी एपस्टीन फाइल ने यूरोप के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अभिजात वर्ग को स्तब्ध कर दिया है। कई लोग अचानक नकारात्मक कारणों से सुर्खियों में आ गए हैं, कई का करियर असमय खत्म हो गया और कुछ के खिलाफ आपराधिक, राजनीतिक जांच में तेजी आई है।

वाशिंगटन में ब्रिटेन के पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन को बर्खास्त कर दिया गया और उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। मैंडेलसन की नियुक्ति पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर को नेतृत्व संकट का सामना करना पड़ रहा है।

नॉर्वे, स्वीडन और स्लोवाकिया में कई कद्दावर हस्तियों की साख को धक्का लगा है। नवीनतम फाइल से पहले ही, महाराजा चार्ल्स तृतीय के भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर ने अपना सम्मान, राजसी पदवी और करदाताओं द्वारा वित्त पोषित हवेली खो दी।

पूर्व प्रिंस एंड्रयू के अलावा, उनमें से किसी पर भी यौन उत्पीड़न का दावा नहीं किया गया है। यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध के कारण उन्हें हटा दिया गया है।

एपस्टीन के साथ संबंधों के बारे में पूर्व में हुए खुलासों के बाद स्टार्मर ने सितंबर में मैंडेलसन को पद से हटा दिया था। अब ब्रिटेन की पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या मैंडेलसन ने एपस्टीन को संवेदनशील सरकारी जानकारी देकर कार्यालय में कदाचार किया था।

स्टार्मर ने एपस्टीन के पीड़ितों से माफ़ी मांगी है और सार्वजनिक दस्तावेज़ जारी करने का वादा किया है जो दिखाएगा कि जब मैंडेलसन को राजदूत पद के लिए चुना जा रहा था तो उसने झूठ बोला था।

एपस्टीन फाइल राजघरानों, नेताओं, अरबपतियों, बैंकरों और शिक्षाविदों के उस वैश्विक नेटवर्क का खुलासा करती हैं जो अमीर फाइनेंसर ने अपने आसपास बनाया था।

संयुक्त राष्ट्र में स्वीडिश अधिकारी जोआना रुबिनस्टीन ने 2012 में एप्सटीन के कैरेबियाई द्वीप की यात्रा के खुलासे के बाद पद छोड़ दिया। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मिरोस्लाव लाजकैक ने एपस्टीन के साथ अपने संवाद को लेकर इस्तीफा दे दिया, जिसमें दोनों ने ‘‘खूबसूरत’’ लड़कियों पर चर्चा की थी।

लातविया, लिथुआनिया और पोलैंड ने दस्तावेजों की व्यापक आधिकारिक जांच शुरू की है। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि एक टीम संभावित पोलिश पीड़ितों और एपस्टीन और रूसी गुप्त सेवाओं के बीच किसी भी संबंध की फाइल की जांच करेगी।

नॉर्वे जैसे कुछ देश एपस्टीन के खुलासों से काफी प्रभावित हुए हैं। देश की आर्थिक अपराध इकाई ने एपस्टीन के साथ संबंधों को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री थोरबजर्न जगलैंड के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच शुरू कर दी है। जगलैंड एक बार नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान करने वाली समिति के प्रमुख भी थे।

नब्बे के दशक के इज़राइल-फलस्तीनी शांति प्रयासों में प्रमुख भूमिका निभाने वाले नॉर्वे के राजनयिक टेरजे रोड-लार्सन और मोना जूल भी जांच के दायरे में हैं।

अमेरिका में भी कई चर्चित हस्तियों को एपस्टीन के साथ अपने मैत्रीपूर्ण संबंधों को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। पूर्व अमेरिकी कोषागार मंत्री लैरी समर्स को पिछले साल के अंत में हार्वर्ड विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों से छुट्टी पर जाना पड़ा।

नयी फाइल जारी होने के बाद ब्रैड कार्प ने पिछले हफ्ते शीर्ष अमेरिकी लॉ फर्म पॉल वीस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, और नेशनल फुटबॉल लीग ने कहा कि वह न्यूयॉर्क जाइंट्स के सह-मालिक स्टीव टिश के साथ एपस्टीन के संबंधों की जांच करेगी।

एपस्टीन के कुछ पूर्व सहयोगियों को अभी तक गंभीर प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ा है, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व रणनीतिकार स्टीव बैनन शामिल हैं। कारोबारी एलन मस्क का भी नाम फाइल में आया है, जिन्होंने ईमेल में द्वीप का दौरा करने की चर्चा की, लेकिन उनका कहना है कि उन्होंने कभी यात्रा नहीं की। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन भी सवालों के घेरे में हैं।

एपी आशीष संतोष

संतोष


लेखक के बारे में