काला सागर में ड्रोन हमले में तुर्किये का टैंकर क्षतिग्रस्त, चालक दल सुरक्षित

काला सागर में ड्रोन हमले में तुर्किये का टैंकर क्षतिग्रस्त, चालक दल सुरक्षित

काला सागर में ड्रोन हमले में तुर्किये का टैंकर क्षतिग्रस्त, चालक दल सुरक्षित
Modified Date: March 26, 2026 / 07:10 pm IST
Published Date: March 26, 2026 7:10 pm IST

इस्तांबुल, 26 मार्च (एपी) रूस से रवाना हुए तुर्किये के एक तेल टैंकर को बृहस्पतिवार को काला सागर का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले बॉस्फोरस जलडमरूमध्य के निकट एक नौसैनिक ड्रोन से निशाना बनाया गया। तुर्किये के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अल्तुरा नामक टैंकर में सवार तुर्किये के चालक दल सभी 27 सदस्य हमले में सुरक्षित हैं।

उन्होंने बताया कि हमला बृहस्पतिवार सुबह हुआ, जिसमें टैंकर के ब्रिज और इंजन रूम को नुकसान पहुंचा।

परिवहन मंत्री अब्दुल कादिर उरालोगलू ने कहा कि टैंकर पर ड्रोन से हमला किया गया, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या इसके पीछे यूक्रेन का हाथ होने का संदेह है।

उन्होंने ‘24टीवी’ को दिए गए एक साक्षात्कार में कहा, “हमारी तकनीकी टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है। यह खासकर इंजन रूम को निशाना बनाकर जानबूझकर किया गया हमला था। यह तुर्किये की कंपनी का टैंकर है।”

‘ओपन सैंक्शंस’ वेबसाइट के अनुसार, अल्तुरा पर अक्टूबर 2025 से यूरोपीय यूनियन के प्रतिबंध लागू हैं, क्योंकि यह रूसी तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में शामिल “शैडो फ्लीट” का हिस्सा है।

बताया गया है कि हमले के समय टैंकर 1,40,000 टन कच्चा तेल लेकर बॉस्फोरस से लगभग 14 समुद्री मील दूर था। यह तुर्किये ध्वज वाला जहाज है और नवंबर 2025 से इस पर तुर्किये में स्थित पेरगामन मैरिटाइम का स्वामित्व है।

‘ओपन सैंक्शंस’ ने बताया कि इससे पहले जहाज का मालिकाना संबंध ईरान से था।

मैरिटाइम ट्रैफिक वेबसाइट के अनुसार, अल्तुरा रविवार को रूस के नोवोरसोसिय्स्क बंदरगाह से रवाना हुआ था।

एपी जोहेब देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में