चीन निर्मित सिगरेट की तस्करी की कोशिश में श्रीलंका में दो भारतीय गिरफ्तार
चीन निर्मित सिगरेट की तस्करी की कोशिश में श्रीलंका में दो भारतीय गिरफ्तार
कोलंबो, 25 अगस्त (भाषा) श्रीलंका के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चीन में निर्मित सिगरेटों की तस्करी कर उन्हें देश में लाने की कोशिश करने के आरोप में दो भारतीय नागरिकों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, बरामद सिगरेटों की अनुमानित कीमत 8,34,000 श्रीलंकाई रुपये बताई गई है।
‘डेली मिरर’ अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय एक व्यक्ति और 38 वर्षीय एक महिला के रूप में हुई है। आरोपी पुरुष निर्माण क्षेत्र में काम करता है, जबकि महिला एक स्कूल शिक्षिका है।
रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है।
आरोप है कि दोनों ने चीन में विभिन्न ब्रांड की 278 पेटियों में रखी 55,600 सिगरेट खरीदी थीं। इसके बाद वे सिंगापुर गए और वहां से सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान एसक्यू-468 से देर रात करीब 12:25 बजे श्रीलंका पहुंचे।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ने सिगरेट से भरी पेटियों को तीन सूटकेस में छिपा रखा था। उन्हें हवाई अड्डा पुलिस स्वापक ब्यूरो ने पकड़ लिया।
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आरोपियों को नेगोंबो मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


