हिज्बुल्ला के साथ जून में युद्धविराम समझौते के बाद लेबनान में पहली बार दो इजराइली सैनिक मारे गए
हिज्बुल्ला के साथ जून में युद्धविराम समझौते के बाद लेबनान में पहली बार दो इजराइली सैनिक मारे गए
बेरूत, छह अगस्त (एपी) इजराइली सेना ने बृहस्पतिवार को बताया कि दक्षिणी लेबनान में लड़ाई के दौरान उसके दो सैनिक मारे गए।
जून में इजराइल और ईरान समर्थित लेबनानी चरमपंथी संगठन हिज्बुल्ला के बीच नाजुक युद्धविराम लागू होने के बाद लेबनान में इजराइली सैनिकों की मौत की यह पहली घटना है।
सेना ने बताया कि चार अन्य सैनिक घायल हुए हैं।
इजराइली सेना ने युद्धविराम के कथित उल्लंघन के जवाब में बुधवार को दक्षिणी लेबनान में हमले किए और मंसूरी गांव के निवासियों से वहां से चले जाने को कहा। लेबनान में कई सप्ताह बाद इजराइल ने पहली बार इस तरह की चेतावनी जारी की है।
हिज्बुल्ला की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया।
यह तनाव ऐसे समय बढ़ा है, जब लेबनान और इजराइल के वार्ताकारों ने 26 जून के समझौते को लागू करने पर चर्चा के लिए रोम में मुलाकात की। समझौते के अनुसार, हिज्बुल्ला को हथियार छोड़ने हैं। इसके बदले इजराइली बल दक्षिणी लेबनान में अपने कब्जे वाले इलाकों से हटेंगे और वहां का नियंत्रण लेबनानी सेना को सौंपा जाएगा।
इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच हाल में दो मार्च को युद्ध शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले किए जाने के दो दिन बाद हिज्बुल्ला ने सीमा पार रॉकेट दागे थे।
एपी सिम्मी गोला
गोला

Facebook


