हांगकांग में तियानमेन स्मृति सभा के दो आयोजक राष्ट्रीय सुरक्षा मामले में दोषी करार
हांगकांग में तियानमेन स्मृति सभा के दो आयोजक राष्ट्रीय सुरक्षा मामले में दोषी करार
हांगकांग, 21 अगस्त (एपी) हांगकांग में 1989 के ‘तियानमेन स्क्वैयर’ दमन की याद में सभा आयोजित करने वाली संस्था के दो पूर्व सदस्यों को चीन द्वारा लागू राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत दर्ज मामले में शुक्रवार को दोषी करार दिया गया।
शहर में कभी मजबूत रहा लोकतंत्र समर्थक आंदोलन इस कानून के कारण लगभग समाप्त हो चुका है।
चीन में लोकतांत्रिक आंदोलनों के समर्थन में बने ‘हांगकांग अलायंस इन सपोर्ट ऑफ पैट्रियॉटिक डेमोक्रेटिक मूवमेंट्स ऑफ चाइना’ के पूर्व नेताओं, ली च्युक-यान और चाउ हैंग-तुंग पर 2021 में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सरकार को अस्थिर करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था।
दोनों ने खुद को निर्दोष बताया था। उन्हें अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है। संगठन को भी दोषी ठहराया गया है।
यह फैसला हांगकांग के कभी सक्रिय रहे लोकतंत्र समर्थक आंदोलन से जुड़े हालिया मामलों में से एक है। हांगकांग और चीन के अधिकारियों की कार्रवाई के कारण यह आंदोलन अब काफी हद तक खत्म हो चुका है।
इस संगठन द्वारा तीन दशकों तक आयोजित स्मृति सभा चीन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने वाला एकमात्र ऐसा बड़ा सार्वजनिक आयोजन था जिसमें हर साल हजारों लोग शामिल होते थे।
कोविड-19 महामारी के पहले वर्ष 2020 में इस आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके कुछ सप्ताह बाद बीजिंग ने 2019 में बड़े पैमाने पर हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों को दबाने के लिए हांगकांग पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू किया।
पर्यवेक्षकों का कहना है कि यह मुकदमा हांगकांग में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बढ़ती पाबंदियों को दर्शाता है। ब्रिटेन का उपनिवेश रहा हांगकांग 1997 में चीन को सौंप दिया गया था।
ली और चाउ को बाद में सजा सुनाए जाने की संभावना है।
न्यायाधीशों ने दोषसिद्धि के कारण अभी नहीं बताए हैं। उन्होंने कहा कि पूरा फैसला बाद में ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा।
लोकतांत्रिक सुधारों की मांग को लेकर तियानमेन स्क्वैयर पर 1989 में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे। चीनी सेना ने चार जून को प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की, जिसमें सैकड़ों और संभवत: हजारों लोग मारे गए।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


